पूर्वमुख्यमंत्री अ​खिलेश यादव के दलित सम्मेलन पर भाजपा का हमला: उपमुख्यमंत्री ने अयोध्या दौरे पर कसा तंज, कहा- मथुरा में भव्य मंदिर निर्माण की करें बात

लखनऊ|
उपमुख्यमंत्री ने अयोध्या दौरे पर कसा तंज, कहा- मथुरा में भव्य मंदिर निर्माण की करें बात
सेव सूची

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले सियासी पारा गरमा गया है। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा आगरा में आयोजित 'दलित महासम्मेलन' के बाद अब भारतीय जनता पार्टी ने तीखा पलटवार किया है। मथुरा में आयोजित भाजपा के दो दिवसीय चिंतन शिविर में पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्हें दलित और पिछड़ा विरोधी करार दिया है।

बातचीत के दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा प्रमुख के आगामी अयोध्या दौरे को लेकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान रामलला का भव्य मंदिर बन चुका है, इसलिए अब अखिलेश यादव को अयोध्या जाने के बजाय मथुरा आना चाहिए और श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण की बात करनी चाहिए। केशव प्रसाद मौर्य ने चुनौती देते हुए कहा, "यदि अखिलेश यादव हमारे साथ कारसेवा करने के लिए मथुरा आना चाहें, तो हम उनके साथ मिलकर भी भगवान श्रीकृष्ण का भव्य मंदिर बनाएंगे।" उन्होंने विश्वास जताया कि न्याय प्रक्रिया या आपसी बातचीत के जरिए मथुरा में भी भव्य मंदिर का निर्माण जरूर होगा।

ब्रजेश पाठक का हमला: सपा राज में हुए दलितों पर अत्याचार

मथुरा में चल रही भाजपा की इस रणनीतिक बैठक में दूसरे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी समाजवादी पार्टी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब-जब उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार रही है, तब-तब दलित समुदाय पर सबसे ज्यादा अत्याचार हुए हैं और उनके महापुरुषों का अपमान किया गया है। पाठक ने कहा कि प्रदेश की जनता और दलित समाज सपा की असलियत से वाकिफ है और वे कभी भी सपा को स्वीकार नहीं करेंगे।

क्या था अखिलेश यादव का बयान?

एक दिन पहले आगरा के जीआईसी मैदान में सपा के विशाल 'दलित महासम्मेलन' को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधा था। उन्होंने अपने 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले का जिक्र करते हुए कहा था कि अब 'डी' का मतलब 'दमदार दलित' है और आगामी चुनावों में दलित समुदाय ही भाजपा को सत्ता से बाहर करेगा।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।