राज्यपाल आनंदीबेन पटेल बोलीं- गर्लफ्रेंड बनाने में बुराई नहीं: छोटी उम्र में मां बनाकर मत छोड़ो, वादा किया तो निभाओ

लखनऊ|
छोटी उम्र में मां बनाकर मत छोड़ो, वादा किया तो निभाओ

यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने युवाओं को लेकर एक बार फिर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि 13-14 साल की उम्र में किसी लड़की को मां बनाकर छोड़ देना गलत है। गर्लफ्रेंड बनाने में कोई बुराई नहीं है लेकिन अगर शादी का वादा किया है तो उसे पूरा करना जरूरी है। युवाओं को पहले आत्मनिर्भर बनना चाहिए ताकि वे परिवार की जिम्मेदारी उठा सकें।

राज्यपाल गुरुवार को लखनऊ में महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के सातवें दीक्षांत समारोह में बोल रही थीं। इस दौरान उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय भी मौजूद थे। समारोह में 2,279 स्टूडेंट्स को डिग्री और डिप्लोमा दिए गए।

अपने बेटे से कहा कोई लड़की पसंद आ जाए तो बता देना

यह पहली बार नहीं है जब राज्यपाल ने इस तरह की बात कही हो। तीन महीने पहले एकेटीयू के 24वें दीक्षांत समारोह में उन्होंने कहा था कि लड़कियां पढ़ाई के दौरान प्रेग्नेंट हो जाती हैं, कईयों को बच्चा भी हो जाता है और उस बच्चे की जिम्मेदारी सरकार पर आ जाती है। उन्होंने कहा था-ऐसा पराक्रम आप लोग मत करिए। दूर रहिए इन पराक्रमों से। उस दौरान भी उन्होंने कहा था कि वह लव मैरिज के खिलाफ नहीं हैं। आपको उनसे प्रेम है उनको आपसे प्रेम है तो शादी करिए लेकिन शादी तभी करिए जब आत्मनिर्भर हो जाइए। अपने बेटे का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया था कि जब उनका बेटा बेंगलुरु पढ़ने गया था तो उन्होंने कहा था कि कोई लड़की पसंद आए तो बता देना शादी करा देंगे।

गलत कामों में हिस्सा न लेने की अपील

गुरुवार के कार्यक्रम में राज्यपाल ने छात्रों से गलत कामों में हिस्सा न लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज में धोखाधड़ी और गलत गतिविधियों को रोकने के लिए अच्छे लोगों की संख्या बढ़ानी होगी। उन्होंने तालाब का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर उसमें लगातार गंदगी डाली जाएगी तो पानी दूषित हो जाएगा लेकिन साफ रखने का प्रयास किया जाए तो पानी शुद्ध बना रहेगा। इसी तरह ज्ञान और अच्छे विचारों को बढ़ावा देना चाहिए। राज्यपाल ने युवाओं से डेटा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का सही इस्तेमाल करने, रिसर्च में चोरी न करने और किसी दूसरे के काम को अपने नाम से न दिखाने की भी अपील की।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।