लखनऊ में होमगार्ड ने गला कसकर की पत्नी और बेटी की हत्या: पुलिस को खुद ही फोन कर दी सूचना, घरेलू कलह के चलते घटना को दिया अंजाम

लखनऊ|

कृष्णानगर थाना क्षेत्र स्थित भोला खेड़ा में शुक्रवार की सुबह एक दोहरा हत्याकांड सामने आया है। पीएसी में तैनात एक होमगार्ड रविंद्र शंकर ने घरेलू कलह के चलते अपनी पत्नी श्यामा दुलारी (55 वर्ष) और तलाकशुदा बेटी पूजा साहू (32 वर्ष) की डेटा केबल से गला कसकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी होमगार्ड ने खुद ही पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर मर्डर की जानकारी दी और थाने में जाकर आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, होमगार्ड रविंद्र शंकर वर्तमान में एक अधिकारी के आवास पर तैनात है। घर में मां-बेटी के साथ उसका अक्सर विवाद होता रहता था। आरोपी की बेटी पूजा की दो बार शादी हो चुकी थी और दोनों पतियों से तलाक होने के बाद वह अपने मायके में ही रह रही थी। कुछ समय पहले विवाद इतना बढ़ गया था कि पत्नी श्यामा दुलारी घर से बिना बताए गहने लेकर चली गई थी, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी होमगार्ड ने दर्ज कराई थी। हालांकि, कुछ दिन बाद वह वापस आ गई थी। गुरुवार की रात भी परिवार में भारी विवाद हुआ था। इसके बाद शुक्रवार तड़के जब दोनों सो रही थीं, तब रविंद्र ने चार्जर की लीड से दोनों का गला घोंट दिया।

इलाके में फैली दहशत

सुबह एक ही घर में मां-बेटी के शव मिलने की खबर से भोला खेड़ा इलाके में हड़कंप मच गया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम खोजी कुत्तों के साथ मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू कलह का है। आरोपी होमगार्ड को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।