पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने बनाई 'जननीति भारत' पार्टी: 2027 में यूपी में ठोकेंगी ताल, राजनीतिक पार्टियों में भूचाल

पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल ने 'जननीति भारत' नाम से नई पार्टी का ऐलान किया है। इसी बैनर तले 2027 में यूपी विधानसभा चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि समस्या राजनीति की कमी नहीं लोगों की बात न सुनी जाना है। जनता के इतने मैसेज आए कि व्हाट्सएप ने ही उनका नंबर ब्लॉक कर दिया। उनके ऐलान से अन्य राजनीतिक दलों में भूचाल आ गया है।
पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने राजनीति में उतरने का औपचारिक ऐलान कर दिया है। उन्होंने वीडियो संदेश जारी कर 'जननीति भारत' नामक नई पार्टी बनाने की घोषणा की। यह पार्टी उत्तर प्रदेश में 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी। दिव्या ने कहा, समस्या राजनीति की कमी नहीं है, समस्या यह है कि लोगों की सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि उनकी राजनीति की नींव तीन बातों पर होगी। पहला जनता की भागीदारी, दूसरा जरूरत के आधार पर फैसले और तीसरा हर काम की जवाबदेही।
संपर्क के लिए साझा किया नंबर, वाट्सएप ने कर दिया ब्लॉक
उन्होंने बताया कि जब उन्होंने राजनीति में आने की बात कही थी तो संपर्क के लिए एक नंबर साझा किया था। उस पर इतनी भारी संख्या में संदेश आए कि व्हाट्सएप ने नंबर को ही रोक दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस स्तर की प्रतिक्रिया की उम्मीद नहीं थी और व्यवस्था न कर पाने से लोगों को हुई असुविधा के लिए उन्होंने माफी भी मांगी। इस अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने कहा, मुझे ऐसा लगा जैसे मैं सूरज के सामने दिया लेकर खड़ी हूं जबकि मुझे सिर्फ खिड़की खोलनी थी। यानी जनता खुद बदलाव चाहती है बस उसे मौका चाहिए।
जननीति भारत के ये बताए वचन
1-नीति में जनता : देश और प्रदेश की नीतियां ऊपर से नहीं, लोगों की भागीदारी से तय होंगी।
2- जरूरत पर फैसला: फैसले किसी की पहचान या जात-पात देखकर नहीं, बल्कि जरूरत के आधार पर होंगे।
3. जवाबदेही तय: हर काम की जवाबदेही होगी और उसी के आधार पर सुधार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का मकसद ऐसी व्यवस्था बनाना है जहां सरकार जनता की जरूरत और उम्मीद के हिसाब से काम करे। 2027 के चुनाव का ऐलान करके उन्होंने अपनी राजनीतिक दिशा साफ कर दी है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

