नौकरी मिलने तक ग्रैजुएट्स को मिलेंगे 5000 रुपये महीने: शिक्षामित्रों को शिक्षक के बराबर वेतन, अखिलेश ने जारी किया घोषणापत्र

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी ने संविधान दिवस पर अपना चुनावी घोषणापत्र जारी किया। लखनऊ के शहीद पथ स्थित होटल सेंट्रम में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ पेश किया। घोषणापत्र में युवाओं, शिक्षकों, कर्मचारियों, शिक्षा व्यवस्था, सामाजिक न्याय और संविधान को प्रमुखता दी गई है। अखिलेश यादव ने वादा किया कि ग्रेजुएट युवाओं को नौकरी मिलने तक हर महीने पांच हजार रुपये बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। वहीं, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को शिक्षकों के बराबर वेतन देने के लिए काम किया जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने अपने घोषणापत्र में समय और जरूरत के हिसाब से नई चीजों को भी शामिल किया है। पार्टी जब भी घोषणापत्र बनाती है, उसे लागू करने का प्रयास करती है। यदि कोई नई परिस्थिति सामने आती है तो उसके अनुसार एजेंडे में बदलाव कर जनता की जरूरतों को पूरा किया जाता है।
युवाओं, शिक्षकों और कर्मचारियों पर फोकस
सपा ने युवाओं को आर्थिक सहारा देने के लिए हर महीने पांच हजार रुपये बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया है। इसके अलावा शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और शिक्षकों के वेतन से जुड़े मुद्दों को भी घोषणापत्र में जगह दी गई है। अखिलेश यादव ने कहा कि शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को शिक्षकों के बराबर वेतन देने के लिए काम किया जाएगा।
पार्टी ने पुरानी पेंशन योजना लागू करने का भरोसा दिलाया है। आशा, आंगनबाड़ी, संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को सम्मानजनक वेतन देने के साथ समायोजन का लाभ दिलाने की बात भी कही गई है। शिक्षा, शिक्षक और शिक्षार्थी का गौरव बहाल करने के लिए बंद किए गए विद्यालयों को फिर से शुरू करने का वादा किया गया है।
संविधान से चलेगा देश, मन-विधान से नहीं
अखिलेश यादव ने संविधान दिवस के मौके पर भाजपा और संविधान बदलने की बात करने वाली शक्तियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग देश को हिंदू राष्ट्र बनाने और संविधान बदलने की कोशिश कर रहे हैं। संविधान की समीक्षा और पुनर्विचार के नाम पर उसे कमजोर करने की साजिश हो रही है।
उन्होंने कहा, "हमारा देश संविधान से चलेगा, मन-विधान से नहीं।" अखिलेश के मुताबिक, संविधान शोषित और वंचित वर्गों के लिए ढाल है। सभी संविधान समर्थकों को एकजुट होकर संविधान के खिलाफ किसी भी कोशिश को नाकाम करना होगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी संविधान के जरिए भेदभाव मिटाने, आरक्षण बचाने और समाज में समानता का भाव जगाने के पक्ष में है। पीडीए का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा, "जितनी पीड़ा बढ़ेगी, उतना ही पीडीए बढ़ेगा।"
अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, "अच्छे दिन आने वाले हैं और बुरे दिन जाने वाले हैं। वे जानते हैं कि अब जा रहे हैं, इसलिए उनकी भाषा बदल गई है।"
महिलाओं के लिए अलग घोषणापत्र लाएगी पार्टी
अखिलेश यादव ने कहा कि आधी आबादी यानी महिलाओं की जरूरतों और मुद्दों को ध्यान में रखते हुए समाजवादी पार्टी अलग से घोषणापत्र जारी करेगी। महिला केंद्रित घोषणाओं और उनके हितों से जुड़े प्रस्तावों को अलग दस्तावेज में शामिल किया जाएगा।
लखनऊ के विकास का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा कि शहर को बसाने का काम नेताजी मुलायम सिंह यादव के मुख्यमंत्री रहते शुरू हुआ था। उन्होंने लखनऊ को प्रदेश की सबसे नियोजित शहरों में से एक बताते हुए निवेश का भी जिक्र किया। अखिलेश ने दावा किया कि लुलु मॉल सपा के घोषणापत्र का हिस्सा था और हाईकोर्ट की शानदार बिल्डिंग भी उनकी सरकार के कार्यकाल में बनवाई गई थी।
आजम खां ने जेल के दिनों को याद कर सुनाया दर्द
घोषणापत्र जारी करने के कार्यक्रम में सपा नेता आजम खां ने अपने संबोधन में जेल में बिताए दिनों, मुकदमों और परिवार को हुई परेशानियों का जिक्र किया। उन्होंने भावुक अंदाज में अखिलेश यादव से कहा कि अगर वह भी छह महीने जेल में बिताते तो वहां के हालात समझ पाते। आजम खां ने अपने जेल के अनुभवों को याद करते हुए कहा कि पांच-छह साल की कैद ने उनके दिल और दिमाग को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा, "एक आधा जिंदा आदमी आपके सामने खड़ा है।"
आजम खां ने अपने खिलाफ दर्ज मुकदमों और सजा का जिक्र करते हुए कहा कि मुर्गी चोरी के मामले में उन्हें 21 साल की सजा और 36 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में चोरी की बजाय डकैती की धाराएं लगाई गईं और उनकी पत्नी व बेटे को भी संबंधित मामलों में अधिकतम सजा दी गई। आजम खां ने कहा कि वह करीब छह साल जेल में काट चुके हैं और कई मुकदमे अब खत्म हो चुके हैं।
आजम खां ने सुनाई आपबीती
उन्होंने जेल के दौरान बेटे के साथ हुई घटनाओं को याद करते हुए कहा कि उन्हें इस बात का दर्द नहीं है कि वह जेल में अकेले रहे, बल्कि तकलीफ इस बात की है कि उनके बेगुनाह बेटे को भी जेल में दिन गुजारने पड़े। उन्होंने दावा किया कि जेल से निकलने के 15 मिनट बाद ही ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।
आजम खां ने जेल की घटनाओं की तुलना अंग्रेजों के दौर से करते हुए कहा, "ऐसा तो अंग्रेजों ने भगत सिंह के साथ भी नहीं किया था कि उनके परिवार वालों को जेल में डाल दिया गया हो।" उन्होंने राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा, "हम बहता हुआ समंदर हैं, गंदा नाला नहीं। हम वोट कटुआ नहीं हैं, वोट जोड़ते हैं।"
ओवैसी पर भी साधा निशाना, आधी सदी एक खानदान के साथ बिताने की बात कही
आजम खां ने अपने संबोधन में असदुद्दीन ओवैसी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग न खुद कुछ बन सकते हैं और न ही किसी को बना सकते हैं, लेकिन किसी सरकार के बनने को प्रभावित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को अपनी बीमारी से बाज आना चाहिए।
आजम खां ने अपने लंबे राजनीतिक जुड़ाव को लेकर आत्मालोचना भी की। उन्होंने कहा कि वह उन चंद लोगों में हैं, जिन्होंने एक ही खानदान के लिए आधी सदी गुजार दी और अपनी आने वाली पीढ़ी को भी उसी के हवाले कर दिया।
अपने दर्द को शायरी के जरिए भी बयां करते हुए आजम खां ने कहा-
"मुझको शिकस्त-ए-दिल का मज़ा याद आ गया,
तुम क्यों उदास हो गए, क्या याद आ गया।
कहने को जिंदगी थी बहुत मुख्तसर मगर,
कुछ यूं बसर हुई कि खुदा याद आ गया।"
अखिलेश यादव ने आजम खां की बातों से खुद को जोड़ते हुए भरोसा दिलाया कि पार्टी घोषणापत्र में जनता की नई जरूरतों को भी शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि सपा अपने वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और आगे भी जरूरत के अनुसार नए मुद्दों को एजेंडे में शामिल किया जाएगा।
सपा का बड़ा ऐलान
1. किसानों की कर्जमाफी और गन्ना भुगतान 24 घंटे में।
2. बेरोजगारी भत्ता 5000 रुपये महीना दिया जाएगा।
3. 25 लाख युवाओं को पांच साल में सरकारी नौकरी।
4. दो से तीन करोड़ युवाओं को दूसरे क्षेत्र में रोजगार।
5. 12वीं पास छात्रों को दिया जाएगा लैपटॉप।
6. 5 रुपये में कैंटीन का खाना मिलेगा समाजवादी कैंटीन में।
7. 23 फसलों और दूध के लिए एमएसपी की गारंटी।
8. बुजुर्ग महिलाओं को 40 हजार सालाना पेंशन।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।