लखनऊ में रफ्तार का कहर: कार की चपेट में आने से मासूम की मौत, वॉकर पर खेल रही थी सात माह की बच्ची

चिनहट थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। लौलई स्थित कांशीराम आवासीय कॉलोनी में घर के बाहर वॉकर के सहारे खेल रही सात माह की मासूम आराध्या को एक तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। इस भीषण हादसे में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय निवासियों ने आरोपी चालक की गिरफ्तारी व सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।
घर के बाहर खेलते समय हुआ हादसा
मृतक बच्ची के पिता प्रमोद के अनुसार, यह हृदयविदारक घटना शुक्रवार सुबह करीब 8:35 बजे हुई। आराध्या अपने घर के बाहर वॉकर पर बैठकर खेल रही थी, तभी कॉलोनी की सड़क से गुजर रही एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के मुताबिक, कार कोई ऐसा व्यक्ति चला रहा था जो ड्राइविंग सीख रहा था। यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरी कॉलोनी में मातम पसर गया।
कार्रवाई की मांग को लेकर एमिटी यूनिवर्सिटी के सामने लगाया जाम
हादसे के बाद गुस्साए परिजन और कॉलोनी के लोग कार्रवाई की मांग को लेकर पहले लौलई पुलिस चौकी पहुंचे। पुलिस द्वारा आरोपी को जल्द पकड़ने और कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन दिए जाने के बावजूद लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। परिजनों ने आरोप लगाया कि मामले में ठोस और त्वरित कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसके बाद कांशीराम कॉलोनी के सैकड़ों निवासियों ने एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट नंबर-1 के सामने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया और मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। सड़क जाम होने से यातायात प्रभावित हुआ। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाने और जाम खुलवाने के प्रयास में जुटे रहे, जबकि आक्रोशित लोग आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।