लखनऊ में शिक्षकों की कमी पर छात्राओं ने किया हाईवे जाम: 8 किमी पैदल मार्च कर जताया विरोध, प्रमुख सचिव ने खुद सुनी समस्या
शिक्षकों की कमी से नाराज मोहान रोड स्थित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय की करीब 250 छात्राएं सोमवार सुबह बारिश के बीच सड़क पर उतर आईं। सुबह करीब सात बजे छात्राओं ने दुबग्गा-कानपुर बाईपास चौराहे पर बैठकर रास्ता जाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण बाइपास के चारों तरफ करीब दो से तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। छात्राओं का कहना था कि स्कूल में जरूरी विषयों के शिक्षक नहीं हैं, ऐसे में उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। करीब दो घंटे की समझाइश के बाद भी छात्राएं मौके पर डीएम को बुलाने की मांग पर अड़ी रहीं।
मामला बढ़ता देख चार थानों और चौकियों से पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद छात्राएं हजरतगंज स्थित डीएम आवास की ओर पैदल चल पड़ीं। लखनऊ-हरदोई हाईवे पर छात्राएं रॉन्ग साइड से आगे बढ़ने लगीं तो पुलिसकर्मी भी उनके पीछे दौड़ते रहे। करीब आठ किलोमीटर दूर बालागंज चौराहे पर एसीपी काकोरी शकील अहमद और एडीसीपी धनंजय ने छात्राओं को रोककर बातचीत की।
अधिकारियों ने आज ही समाधान का दिया भरोसा
पुलिस अधिकारियों ने मौके से समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर छात्राओं की समस्या बताई। अधिकारियों की ओर से स्कूल पहुंचकर छात्राओं से सीधे संवाद करने का आश्वासन दिया गया। एसीपी काकोरी ने छात्राओं को बताया कि अधिकारियों से बात हो चुकी है और उनकी समस्या का समाधान सोमवार को ही किया जाएगा। इसके बाद छात्राएं वापस स्कूल लौट गईं। उन्हें विद्यालय परिसर के अंदर कर गेट बंद कर दिया गया। सुबह करीब 11:30 बजे समाज कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव अनुराग यादव, सचिव व निदेशक संजीव सिंह और सरोजनीनगर एसडीएम अभिषेक कुमार सिंह विद्यालय पहुंचे। तेज बारिश के बीच अधिकारी छात्राओं, शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन से बातचीत कर रहे थे।
प्रभावित हो रही पढ़ाई
छात्राओं ने बताया कि विद्यालय में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के शिक्षक नहीं हैं। उनका कहना है कि सालभर से लगातार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। शिक्षकों की कमी के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इंटरनेट की उचित व्यवस्था नहीं होने से ऑनलाइन कक्षाओं का विकल्प भी प्रभावी नहीं है। छात्राओं के मुताबिक, इसी वर्ष कई छात्राओं की बोर्ड परीक्षाएं भी होनी हैं, ऐसे में विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की कमी से उनकी चिंता बढ़ गई है।
जाम में फंस गए थे राज्यमंत्री असीम अरुण
इससे पहले 14 अगस्त को इसी विद्यालय के बगल में स्थित सर्वोदय विद्यालय के छात्रों ने भी आगरा एक्सप्रेसवे से जुड़ने वाली लिंक रोड जाम कर दी थी। इस दौरान समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री असीम अरुण भी जाम में फंस गए थे। उन्होंने छात्रों से बातचीत कर उन्हें वापस विद्यालय भेजा था। मंत्री ने कहा था कि समाज कल्याण विभाग की ओर से लखनऊ में दो सर्वोदय विद्यालय संचालित हैं। शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए पिछले साल अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था की गई थी, लेकिन किसी कारण हाईकोर्ट से इस पर रोक लग गई। उन्होंने बताया था कि इस मामले में 17 अगस्त की तारीख लगी है और बच्चों की समस्या को मजबूती से रखा जाएगा।











