लखनऊ में गरीबों के 'आयुष्मान' पर डाका: सामान्य मरीजों को भी आईसीयू में किया भर्ती, छापेमारी में फर्जीवाड़े का हुआ पर्दाफाश

लखनऊ|
सामान्य मरीजों को भी आईसीयू में किया भर्ती, छापेमारी में फर्जीवाड़े का हुआ पर्दाफाश

गरीबों के लिए संजीवनी बनी आयुष्मान भारत योजना पर कुछ निजी अस्पताल डाला डाल रहे हैं। सामान्य मरीजों को भी कागजों पर आईसीयू और एचडीयू में भर्ती दिखाकर सरकार से हजारों रुपये का भुगतान वसूला जा रहा था। यही नहीं, कैशलेस इलाज के नाम पर मरीजों से नकद पैसे भी लिए जा रहे थे। शिकायतों के बाद स्टेट हेल्थ एजेंसी साचीज ने मंगलवार को गोंडा और लखनऊ के 21 निजी अस्पतालों में छापेमारी कर इस फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है।

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पंजीकृत अस्पतालों में कार्ड धारकों को पांच लाख तक का मुफ्त इलाज मिलता है। स्टेट हेल्थ एजेंसी को कई निजी अस्पतालों की मनमानी की शिकायतें मिली थीं। लखनऊ के चंद्रावती हॉस्पिटल, दुबेजी हॉस्पिटल, जीवक हॉस्पिटल, काइंड हॉस्पिटल, मेडलाइफ रिसर्च एंड ट्रॉमा सेंटर और एसआर हॉस्पिटल में गड़बड़ियां मिली हैं। अस्पतालों के रिकॉर्ड, मरीजों के बयान और उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जांच की गई।

कैशलेस इलाज के बावजूद मरीजों से पैसे लेने की मिली ​शिकायतें

जांच में कुछ मरीजों को सामान्य बीमारी के बावजूद रिकॉर्ड में आईसीयू और एचडीयू में भर्ती दिखाने के मामले सामने आए। साचीज की सीईओ अर्चना वर्मा ने बताया कि अस्पतालों ने अधिक भुगतान पाने के लिए इलाज के पैकेज में हेरफेर किया। इलाज कैशलेस होने के बावजूद कुछ मरीजों से पैसे लेने की शिकायतें भी मिलीं। जांच में ड्यूटी रोस्टर में गड़बड़ी, विशेषज्ञ डॉक्टरों की गैरमौजूदगी और गंभीर मरीजों के इलाज में प्रशिक्षित कर्मचारियों की कमी भी पाई गई।

कई अस्पतालों में नहीं मिली योजना से संबं​धित जरूरी जानकारी

गोंडा में सुधा न्यूरो एंड ट्रॉमा सेंटर, एपेक्स हॉस्पिटल, कृष्णा केयर सेंटर, जीवन दीप हॉस्पिटल, गायत्री हॉस्पिटल, सनराइज हॉस्पिटल ऑर्थो एंड मैटरनिटी सेंटर, किरण हॉस्पिटल, फैमिली हॉस्पिटल, लाइफ लाइन हॉस्पिटल, मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड, नूर हॉस्पिटल, कृष्णा हॉस्पिटल, श्री कृष्ण कुमार मौर्य मेमोरियल लाइफ केयर हॉस्पिटल, नारायण हॉस्पिटल एंड कैंसर रिसर्च सेंटर और अवध हॉस्पिटल का निरीक्षण किया गया। कई अस्पतालों में आयुष्मान योजना से संबंधित जरूरी जानकारी, टोल फ्री नंबर और शिकायत के लिए संपर्क सूत्र प्रदर्शित नहीं मिले। कुछ अस्पतालों में बायोमेडिकल कचरे के निस्तारण और संक्रमण से बचाव के इंतजामों में कमी मिली। एक अस्पताल में पैथोलॉजी लैब नहीं थी और मान्यता प्राप्त लैब से अनुबंध भी नहीं मिला। वहीं, एक अन्य अस्पताल में बेसमेंट में ऑपरेशन थिएटर और आईसीयू संचालित होने की बात सामने आई। अग्निशमन उपकरणों पर भी जरूरी जानकारी नहीं मिली। राज्य कर्मचारी कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत घटिया इंप्लांट लगाने की शिकायतें भी सामने आईं।

अनियमितता करने वाले अस्पताल सूची से होंगे बाहर

इस संबंध में साचीज की सीईओ अर्चना वर्मा ने बताया कि अस्पतालों को नोटिस जारी कर पूछा गया है कि क्यों न अनियमितताओं के आधार पर उनको पंजीकरण सूची से बाहर कर दिया जाए और वित्तीय नुकसान की वसूली की कार्रवाई की जाए। अस्पतालों के जवाबों की समीक्षा के बाद नियमानुसार जुर्माना लगाने, योजना से बाहर करने और जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।