लखनऊ में भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचे आठ उम्मीदवार: कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों से किया जोरदार स्वागत, नामांकन दाखिला कराने का आज आखिरी दिन
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा घोषित किए गए सभी आठ उम्मीदवार मंगलवार को लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचे। मुख्यालय परिसर में उम्मीदवारों के कदम रखते ही वहां मौजूद कार्यकर्ताओं का भारी सैलाब उमड़ पड़ा और पूरा माहौल उत्साह से भर गया। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरकते हुए और फूलों की बारिश कर सभी प्रत्याशियों का जोरदार स्वागत किया।
भाजपा ने सोमवार को यूपी की 10 राज्यसभा सीटों के लिए आठ प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया था। मंगलवार को नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन है। प्रदेश मुख्यालय पर जोरदार स्वागत और संगठन के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात के बाद, सभी आठों उम्मीदवार भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के बड़े काफिले के साथ उत्तर प्रदेश विधानसभा के लिए रवाना हुए, जहां वे अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
इन आठ चेहरों पर भाजपा ने लगाया है दांव
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा स्वीकृत सूची में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन का खास ध्यान रखा गया है। इस बार पार्टी ने जमीन से जुड़े और सांगठनिक अनुभव रखने वाले नेताओं को मौका दिया है। जिसमे धर्मपाल सिंह (उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री), राधाकांत ओझा (वरिष्ठ अधिवक्ता एवं इलाहाबाद बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष), प्रकाश पाल (यूपी भाजपा पिछड़ा मोर्चा के अध्यक्ष), विद्यासागर सोनकर (पूर्व लोकसभा सांसद और वर्तमान एमएलसी), गोपी कृष्ण पाण्डेय (संगठन के वरिष्ठ नेता), प्रियंका सिंह रावत (बाराबंकी से पूर्व सांसद), राम प्रताप सिंह चौहान (आगरा से पूर्व विधायक), श्रुति गंगवार (रुहेलखंड क्षेत्र से महिला चेहरा)
चुनाव का पूरा गणित
उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए 16 अक्टूबर को मतदान होना है। वर्तमान में 403 सदस्यीय उत्तर प्रदेश विधानसभा में भाजपा और उसके सहयोगी दलों के पास मजबूत संख्या बल है। भाजपा ने आठ उम्मीदवार उतारकर अपनी मजबूत स्थिति का प्रदर्शन किया है। वहीं मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी ने अब तक प्रोफेसर रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नाथवानी को अपना उम्मीदवार बनाया है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्क्रूटनी सात अक्टूबर को होगी और 16 अक्टूबर की शाम को ही नतीजों की घोषणा कर दी जाएगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

