लखनऊ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में चले जूते-चप्पल: आराधना मिश्रा और इमरान मसूद के पदभार ग्रहण के दौरान हुआ बवाल, नाराज होकर कार्यालय के बाहर बैठे अजय राय
लखनऊ स्थित कांग्रेस कार्यालय में रविवार को नवनियुक्त यूपी कांग्रेस की अध्यक्ष आराधना मिश्रा और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के पदभार ग्रहण के दौरान कांग्रेसी आपस में भिड़ गए। इस दौरान जूते-चप्पल चले। गाली-गलौज और धक्का-मुक्की हुई। इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान अजय राय के साथ एक महिला कांग्रेस नेता ने बदसलूकी कर दी। इससे अजय राय के समर्थकों में नाराजगी फैल गई। अजय राय नाराज होकर कांग्रेस कार्यालय के बाहर बैठ गए। इस दौरान समर्थकों के बीच हंगामा और धक्कामुक्की हुई और जूते-चप्पल चल गए।
स्थिति को संभालने के लिए वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी अजय राय को मनाने में जुटे रहे। पदभार ग्रहण के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू होने की तैयारी थी लेकिन अजय राय उसमें शामिल होने के लिए अंदर नहीं गए। इसको लेकर जब कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद से सवाल पूछा गया तो इमरान मसूद ने कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व अध्यक्ष के शामिल होने की परंपरा नहीं रही है। पार्टी कार्यालय में उनसे कार्यभार ले लिया गया है।
इमरान मसूद ने इंडिया गठबंधन की एकजुटता पर दिया जोर
कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने कहा कि पार्टी ने जो मुझ पर भरोसा जताया है उस पर खरा उतरूंगा। कांग्रेस उत्तर प्रदेश में परिवर्तन लाने और संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेगी। उन्होंने इंडिया गठबंधन की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि गठबंधन मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगा। हंगामे के बाद यूपी कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने रविवार को नवरात्र के पहले दिन औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने उन्हें कांग्रेस अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाया।
कांग्रेस ने किया बड़ा बदलाव
कांग्रेस ने यूपी चुनाव 2027 के मद्देनजर प्रदेश टीम में बड़ा बदलाव करते हुए आराधना मिश्रा उर्फ मोना को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया। वहीं, इमरान मसूद को भी बड़ी जिम्मेदारी दी। इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी अजय राय के पास थी। कांग्रेस ने 17 अगस्त 2023 को अजय राय को यह जिम्मेदारी सौंपी थी, वह तब से यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष थे। अजय राय से पहले इस पद की जिम्मेदारी बृजलाल खाबरी के पास थी।

आराधना मिश्रा ने कहा-यह समय संघर्ष का
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने प्रेस वार्ता की। उन्होंने पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि वर्तमान समय में देश का लोकतंत्र और संविधान खतरे में है। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान की रक्षा करना हर नागरिक और कार्यकर्ता का दायित्व है। उन्होंने कहा कि यह समय स्वागत या सम्मान समारोह का नहीं, बल्कि संघर्ष का है। कांग्रेस पार्टी का इतिहास स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर राष्ट्र निर्माण तक बलिदानों और संघर्षों से भरा रहा है। पार्टी के हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह इस परंपरा को आगे बढ़ाए।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

