लखनऊ में तालाब में डूबने से नौ वर्षीय मासूम की मौत: गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा, मां-बाप का इकलौता बेटा था मृतक

गोसाईगंज के टंट का पुरवा गांव के बाहर मौजूद एक गहरे तालाब में डूबने से नौ वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। मृतक बच्चा अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। इकलौते चिराग के बुझ जाने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बेटे का शव देखकर मां सुध-बुध खो बैठी और मौके पर ही बेहोश हो गई।
जानकारी के अनुसार, टंट का पुरवा गांव निवासी नौ वर्षीय छात्र अंकुश यादव की रविवार सुबह तालाब में डूबने से मौत हो गई। वह गांव के बाहर मंगल विहार के पास स्थित तालाब में नहाने गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी गोसाईंगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नहाने के लिए उतरा था तालाब में
एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव के मुताबिक टंट का पुरवा निवासी सतीश यादव का इकलौता बेटा अंकुश रविवार सुबह करीब 10 बजे खेलने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान वह गांव के बाहर स्थित तालाब में नहाने उतर गया। ग्रामीणों के मुताबिक, नहाते समय वह तालाब में मिट्टी निकालने के लिए आगे बढ़ा और गहरे पानी में डूब गया।बच्चे को डूबता देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण तुरंत तालाब की तरफ दौड़े। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद बच्चे को गहरे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
बेहोश होकर जमीन पर गिरी मां
जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे तत्काल सीएचसी गोसाईंगंज ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अंकुश तीन बहनों में इकलौता भाई था। जैसे ही मासूम की मौत की खबर उसके घर पहुंची, मां पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अपने इकलौते बेटे के शव को सामने देख मां चीख पड़ी और रोते-रोते बदहवास होकर जमीन पर गिरकर बेहोश हो गई। वहीं, पिता सतीश यादव का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

