नवजात के दिल में फंसा था ट्यूब का टुकड़ा: SGPGI के डॉक्टरों ने बिना बड़ी सर्जरी किए बचाई जान, दिया नया जीवन

लखनऊ|
SGPGI के डॉक्टरों ने बिना बड़ी सर्जरी किए बचाई जान, दिया नया जीवन
सेव सूची

लखनऊ के संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) के डॉक्टरों ने 26 दिन की नवजात बच्ची को नया जीवन दिया है। बच्ची के दिल के दाहिने हिस्से में करीब पांच सेंटीमीटर लंबा कैथेटर ट्यूब का टुकड़ा फंस गया था। इससे उसकी धड़कन रुकने और खून का थक्का जमने का खतरा पैदा हो गया था। डॉक्टरों ने बिना बड़ी सर्जरी किए पैर की नस के रास्ते एक खास उपकरण दिल तक पहुंचाया और फंसे टुकड़े को बाहर निकाल लिया। अब बच्ची स्वस्थ है और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

बच्ची का जन्म गर्भावस्था के 31 सप्ताह और तीन दिन में हुआ था। समय से पहले जन्म होने के कारण उसे सांस लेने में परेशानी थी। जन्म के बाद उसे वेंटिलेटर पर रखना पड़ा। बाद में उसे SGPGI की नवजात गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान बच्ची सेप्सिस और मेनिनजाइटिस से भी पीड़ित हो गई थी।

लंबे इलाज के लिए डाली गई थी नस में PICC लाइन

डॉक्टरों के मुताबिक, बच्ची को लंबे समय तक दवाएं देने के लिए उसकी नस में पीआईसीसी लाइन (PICC Line) डाली गई थी। इसी लाइन का एक हिस्सा टूटकर खून के प्रवाह के साथ दिल तक पहुंच गया और उसके दाहिने हिस्से में फंस गया।

जन्म के 26वें दिन बच्ची को अचानक सांस लेने में परेशानी होने लगी। जांच में पता चला कि पीआईसीसी लाइन का करीब पांच सेंटीमीटर लंबा टुकड़ा दिल में फंसा हुआ है। डॉक्टरों के सामने चुनौती यह थी कि बच्ची का वजन बेहद कम था और इस स्थिति में बड़ी सर्जरी करना जोखिम भरा हो सकता था।

धड़कन रुकने और खून का थक्का जमने का था खतरा

डॉक्टरों के अनुसार, दिल में फंसे ट्यूब के टुकड़े को समय रहते नहीं निकाला जाता तो गंभीर जटिलताएं हो सकती थीं। इससे दिल की धड़कन प्रभावित होने और खून का थक्का बनने का खतरा था। बच्ची की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बिना चीर-फाड़ के टुकड़ा निकालने का फैसला किया।

पैर की नस से दिल तक पहुंचाया तार और फंदा

डॉक्टरों ने कैथ लैब में यह जटिल प्रक्रिया की। बच्ची के पैर की नस के रास्ते एक पतला तार और विशेष फंदा दिल तक पहुंचाया गया। एक्स-रे की मदद से दिल में फंसे ट्यूब के टुकड़े को पकड़ा गया और सावधानी से बाहर निकाल लिया गया।

इस प्रक्रिया में बच्ची को बड़ा चीरा नहीं लगाना पड़ा। बेहद कम वजन और कम उम्र की नवजात में इस तरह की प्रक्रिया करना डॉक्टरों के लिए बड़ी चुनौती थी।

इन डॉक्टरों की टीम ने बचाई बच्ची की जान

प्रक्रिया सफल होने के बाद बच्ची की हालत में सुधार हुआ। अब वह पूरी तरह स्वस्थ है और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इस उपचार में विभागाध्यक्ष डॉ. कीर्ति एम. नरस्मे के मार्गदर्शन में डॉ. अंकित साहू और प्रो. आदित्य कपूर ने अहम भूमिका निभाई। टीम में डॉ. अर्चना बख्शीवाल, डॉ. शिवेंद्र, डॉ. अनिता सिंह, डॉ. आकांक्षा वर्मा और डॉ. फौजिया फरहत भी शामिल रहीं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।