लखनऊ में पचास फीट ऊंचे झूले की टूटी ट्रॉली: बिना अनुमति के संचालित किया जा रहा था मेला, नहीं थे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

लखनऊ|1 घंटा पहले
बिना अनुमति के संचालित किया जा रहा था मेला, नहीं थे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

लखनऊ के पॉश इलाके में मंगलवार रात सावन महोत्सव के दौरान 50 फीट ऊंचे चलते झूले की ट्रॉली टूट गई। ट्रॉली पांच-छह ट्रॉलियों से टकराती हुई नीचे आई। हादसे में भाई-बहन समेत 5 बच्चे घायल हो गए। एक बच्ची के मुंह से खून आने लगा। वहां मौजूद लोगों ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। इनमें तीन की हालत गंभीर है। हादसे का डराने वाला वीडियो भी सामने आया। वीडियो में एक बच्ची अपने भाई-बहन के साथ बैठी है। अचानक ट्रॉली बच्चों के ऊपर गिरती हैं और चीख-पुकार मच जाती है।

करीब 10 मिनट की चीख-पुकार के बाद झूला रुकता है। घायलों को नीचे उतारा जाता है। हादसा इंदिरा नगर में सुषमा हॉस्पिटल, इस्माइलगंज के पास रात साढ़े 7 बजे हुआ। हादसे के बाद लोगों ने मेला संचालक को पकड़ लिया। हालांकि, बाद में वह मौका पाकर भाग निकला। घायलों के परिजनों का आरोप है कि मेला बिना अनुमति के संचालित किया जा रहा था। वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी नहीं थे।

मेले में घूमने गये थे बच्चे

विभूतिखंड के नया गांव विजयीपुर निवासी सूर्या सिंह अपनी बहनों और दोस्तों के साथ मेले में घूमने आया था। उसने बताया- मेरे साथ मेरी बहन अंकिता और नैंसी थीं। इसके अलावा, दोस्त आयुष शर्मा, उसकी बहन इशिका और अनामिका भी साथ थे। करीब 15 मिनट तक हमने मेला घूमा, फिर टिकट लेकर झूला झूलने चले गए। अचानक एक खाली ट्रॉली टूटकर हमारी ट्रॉली से टकराई। अंकिता के मुंह पर गंभीर चोट। उसकी नाक और मुंह से खून आने लगा। नैंसी और मुझे भी चोटें आईं। इससे पहले कि हम कुछ समझ पाते, ट्रॉली नीचे की कुछ अन्य ट्रॉलियों से टकराते हुए बीच में फंस गई। नीचे की ट्रॉली में बैठी एक लड़की बेहोश हो गई, जबकि साथ में बैठी एक अन्य लड़की को भी चोटें आईं। हम लोग झूला रोकने के लिए चिल्लाने लगे, लेकिन ऑपरेटर ने एक न सुनी।

पुलीसकर्मियों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

चीख-पुकार के बीच आसपास मौजूद पुलिसकर्मियों ने सभी घायलों को मेला स्थल के पास स्थित सुषमा अस्पताल पहुंचाया। अंकिता, नैंसी समेत दो अन्य लड़कियों का इलाज चल रहा है। वहीं, सूर्या को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। सुषमा अस्पताल के सीईओ अर्पित सिंघल ने बताया कि निशा के शरीर में कई फ्रैक्चर मिले हैं। वहीं, दूसरी लड़की को मामूली चोटें आई थीं, जिसे प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है।

परिजनों ने सुरक्षा ​व्यवस्था की जांच मांग की

अंकिता की मां पुष्पा सिंह ने मेले के आयोजकों और सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा- यह पता लगाया जाना चाहिए कि मेले के लिए जरूरी अनुमति ली गई थी या नहीं। हम पुलिस के पास जाएंगे और तहरीर देंगे। वहीं, घायल नैंसी ने बताया कि हादसे के बाद भी झूला तुरंत नहीं रोका गया, जिससे कई और लोग चोटिल हो गए। अगर समय रहते झूला रोक दिया जाता, तो किसी को इतनी गंभीर चोटें नहीं आतीं।

मेले में सभी झूलों को कराया गया बंद

हादसे के तुरंत बाद इंदिरानगर सावन महोत्सव में लगे सभी झूलों को बंद करा दिया गया। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तरफ से लिखित तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।