यूपी में बुजुर्ग महिलाओं को रोडवेज में मुफ्त सफर: सीएम ने शुरू की मातृशक्ति यात्रा योजना, एक करोड़ महिलाओं को मिलेगा लाभ

लखनऊ|

उत्तर प्रदेश में 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ का शुभारंभ किया। योजना के तहत करीब एक करोड़ महिलाओं को लाभ मिलने का दावा किया गया है। कार्यक्रम में पहुंची बुजुर्ग महिलाओं ने योजना को राहत देने वाला कदम बताया। उनका कहना है कि अब रिश्तेदारों से मिलने और जरूरी कामों के लिए बस से आने-जाने में किराए का खर्च नहीं उठाना पड़ेगा।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त यात्रा का तोहफा दिया है। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन पर बहनों के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा अब तीन दिन तक बढ़ा दी गई है। महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रोडवेज बसों में जीपीएस और पैनिक बटन लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 23 बस अड्डों को एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। वहीं 49 बस अड्डों के लिए टेंडर कराया जा चुका है। योजना के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल महिलाओं को फल, मिठाई और साड़ी देकर सम्मानित भी किया जाएगा। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर सिंह और लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।

28 जिलों में कृषि को तकनीक से जोड़ने की तैयारी

योजना के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री अपने सरकारी आवास कालिदास मार्ग पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां किसानों की आय बढ़ाने और कृषि उत्पादकता में सुधार के लिए यूपी-एग्रीज परियोजना के तहत विभिन्न संस्थाओं के साथ एमओयू किए जाएंगे। विश्व बैंक से वित्तपोषित इस परियोजना के तहत पूर्वी यूपी के 21 और बुंदेलखंड के सात जिलों पर फोकस किया जाएगा। किसानों को आधुनिक तकनीक और बेहतर कृषि सेवाएं उपलब्ध कराकर उत्पादकता बढ़ाने की दिशा में काम होगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।