लखनऊ में चलती डबल डेकर बस में लगी आग: टायर फटने के बाद धधकी बस, 30 यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

लखनऊ|

शहीद पथ पर गोरखपुर से सूरत जा रही डबल डेकर बस अचानक आग की लपटों में घिर गई। सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में मेदांता हॉस्पिटल के सामने बस के पिछले हिस्से का टायर फटने के बाद आग भड़क उठी। चालक ने तत्काल बस सड़क किनारे रोक दी और यात्रियों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। बस में सवार सभी 30 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।

चालक के अनुसार, वह शनिवार शाम करीब पांच बजे गोरखपुर से बस लेकर सूरत के लिए निकले थे। शहीद पथ पर मेदांता हॉस्पिटल के पास पहुंचते ही बस के पिछले हिस्से से अचानक कुछ टूटने की आवाज आई। इसके तुरंत बाद आग लग गई। राहुल ने बिना देर किए बस को सड़क किनारे रोका और यात्रियों को नीचे उतारना शुरू कर दिया। बस में कुल 30 यात्री थे। यात्रियों के बाहर निकलते ही आग तेजी से फैल गई।

दमकल की तीन गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

आग की सूचना मिलते ही दमकल की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। एफएसओ पीजीआई मामा चंद गुर्जर ने बताया कि टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया और समय रहते लपटों पर काबू पा लिया। हालांकि, आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि बस पूरी तरह जल गई। घटना की जानकारी मिलने पर एडीसीपी साउथ रल्ला पल्ली वसंथ कुमार और एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।

बस को क्रेन से हटाया

हादसे के बाद शहीद पथ पर यातायात भी प्रभावित हुआ। चिनहट की ओर से कानपुर रोड जाने वाले मार्ग पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी। इसके चलते सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए यातायात को दूसरे मार्गों से डायवर्ट किया। आग बुझाने और जली बस को क्रेन से हटाने के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य कराई गई।

चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

आग कुछ ही देर में पूरी बस में फैल गई और डबल डेकर बस जलकर राख हो गई। राहत की बात रही कि चालक ने समय रहते खतरे को भांप लिया और बस रोककर सभी यात्रियों को बाहर निकाल लिया। हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। चालक की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।