लखनऊ में राहुल गांधी की फ्लाइट की गो-अराउंड लैंडिंग: पहली कोशिश में नहीं उतर सका विमान, 25 मिनट बाद हुई सेफ लैंडिंग

लखनऊ|09 सितंबर 2026
 पहली कोशिश में नहीं उतर सका विमान, 25 मिनट बाद हुई सेफ लैंडिंग

दिल्ली से लखनऊ आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट रनवे पर उतरने से ठीक पहले दोबारा हवा में चली गई। विमान की एप्रोच अनस्टेबल होने के बाद पायलट ने लैंडिंग रोकते हुए गो-अराउंड कराया। विमान में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी सवार थे। अचानक विमान के ऊपर उठने से यात्रियों को तेज झटका महसूस हुआ और कुछ देर के लिए दहशत की स्थिति बनी। हालांकि करीब 25 मिनट बाद विमान ने दोबारा रनवे की ओर एप्रोच लिया और सुरक्षित उतर गया। विमान में मौजूद सभी यात्री और क्रू सुरक्षित बताए गए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि गो-अराउंड की वजह मौसम था या कोई तकनीकी समस्या। एअर इंडिया की ओर से इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, एअर इंडिया की एआई-1717 फ्लाइट मंगलवार दोपहर करीब 2:20 बजे दिल्ली से रवाना हुई थी। इसका लखनऊ पहुंचने का निर्धारित समय करीब 3:30 बजे था। लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरने के दौरान विमान की एप्रोच सही नहीं होने पर पायलट ने लैंडिंग रोक दी और विमान को दोबारा ऊपर ले गए। इसके बाद विमान करीब 25 मिनट तक हवा में रहा। दूसरी बार रनवे की ओर एप्रोच लेने के बाद विमान सुरक्षित उतर गया।

राहुल से मिलने की कोशिश में हुई धक्कामुक्की

लखनऊ एयरपोर्ट पर राहुल गांधी के स्वागत के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ जुटी थी। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी और नेता असीम वकार समेत कई लोगों ने उनका स्वागत किया। राहुल से मिलने की कोशिश में भीड़ के बीच धक्कामुक्की की स्थिति बन गई। सुरक्षा में तैनात एक जवान ने एक युवक को पीछे किया तो राहुल ने उसे टोका और उससे बात की। भीड़ से बचने के लिए राहुल कई बार वहीं खड़े भी हुए।

रायबरेली में व्यापारियों से की मुलाकात

एयरपोर्ट से राहुल गांधी शाम करीब छह बजे काफिले के साथ रायबरेली के लिए रवाना हुए। महराजगंज कस्बे में उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और लोग मौजूद रहे। करीब एक किलोमीटर तक लोग उनके स्वागत के लिए कतार में खड़े दिखाई दिए। इसके बाद राहुल शाम करीब 7:30 बजे प्रभु टाउन एरिया में सर्राफा कारोबारी फाना त्रिवेदी के घर पहुंचे। यहां उन्होंने जिले के व्यापारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। बैठक में अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा भी मौजूद रहे।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।