लखनऊ में चोरी के शक में दो युवकों को निर्वस्त्र कर पीटा: पुलिस चौकी में नहीं हुई कार्रवाई तो वापस लाया घर, बंद कमरे में डंडे से मारा

लखनऊ|11 सितंबर 2026
पुलिस चौकी में नहीं हुई कार्रवाई तो वापस लाया घर, बंद कमरे में डंडे से मारा

लखनऊ के सआदतगंज क्षेत्र के अंबरगंज में चोरी के शक में दो युवकों को नंगा करके डंडे से पीटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दोनों युवक रात करीब 3 बजे एक निर्माणाधीन घर में चोरी करने घुसे थे। आहट होने पर वहां सो रहे मजदूरों और मिस्त्री ने दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद उन्हें बालागंज पुलिस चौकी ले जाया गया। वहां कार्रवाई नहीं हुई तो दोनों युवकों को वापस निर्माणाधीन इमारत में लाया गया। इसके बाद दोनों की डंडे से पिटाई की गई।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई। सआदतगंज पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

मजदूरों और मिस्त्रियों ने मौके पर पकड़ा

अंबरगंज चौकी प्रभारी योगेंद्र के मुताबिक, ठाकुरगंज इलाके में कुलदीप गुप्ता की ट्रेडर्स की दुकान है। वह अंबरगंज में एक इमारत का निर्माण करा रहे हैं। निर्माणाधीन इमारत में मिस्त्री और मजदूर ही रात में रुकते हैं। आरोप है कि दो युवक निर्माणाधीन इमारत में घुसे। इस दौरान उन्होंने मोटर, एक मजदूर का मोबाइल और मिस्त्री के करीब 10 हजार रुपए चोरी कर लिए। आहट सुनकर मजदूरों और मिस्त्री की नींद खुल गई। उन्होंने दोनों युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया।

कपड़े उतरवाकर डंडे से बुरी तरह पीटा

बताया गया कि कुलदीप गुप्ता और उनके परिचित दोनों युवकों को ठाकुरगंज थाने की बालागंज पुलिस चौकी लेकर पहुंचे। आरोप है कि वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की और उन्हें वापस भेज दिया। इसके बाद चोरी किए गए रुपयों और सामान की बरामदगी के लिए दोनों युवकों को वापस निर्माणाधीन इमारत में ले जाया गया। आरोप है कि निर्माणाधीन इमारत में दोनों युवकों के कपड़े उतरवाकर उन्हें डंडे से बुरी तरह पीटा गया। इस दौरान किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया। बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में दोनों युवक हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आ रहे हैं।

एक आरोपी हिरासत में

सआदतगंज थाना प्रभारी संतोष आर्य ने बताया कि वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जिन युवकों की पिटाई की गई, उनकी तलाश की जा रही है। एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।