लखनऊ में मौरंग के ढेर पर मिला युवक का शव: गला रेतकर हत्या की आशंका, रात में मां से हुई थी बात

लखनऊ|14 सितंबर 2026
गला रेतकर हत्या की आशंका, रात में मां से हुई थी बात

कृष्णानगर इलाके में सोमवार सुबह युवक का शव सड़क किनारे मौरंग के ढेर पर मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की गला काटकर हत्या की गई थी। स्थानीय लोगों ने करीब 6:30 बजे शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ एसीपी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। मृतक की पहचान काकोरी के गोलाकुआं गांव निवासी रामबाबू मौर्या के रूप में हुई है। वह मजदूरी करता था। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हत्या की वजह के साथ वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है।

एडीसीपी साउथ बसंत कुमार ने बताया कि सुबह कृष्णानगर में सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो युवक के गले पर धारदार हथियार से काटे जाने का निशान मिला। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। आसपास के कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या की वजह और आरोपियों की पहचान के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

परिवार में मचा कोहराम

रामबाबू की बहन दीपिका ने बताया कि रविवार रात करीब नौ बजे भाई ने मां से फोन पर बातचीत की थी। उस समय उसने बताया था कि वह अभी घर नहीं पहुंचा है। सोमवार सुबह परिवार को फोन से जानकारी मिली कि कृष्णानगर इलाके में एक युवक का गला कटा शव मिला है। परिजन मौके पर पहुंचे तो शव रामबाबू का निकला। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गया रामबाबू

रामबाबू के परिवार में पिता गोविंद प्रसाद, मां राजकुमारी और भाई लवकुश व श्याम बाबू हैं। उसकी पत्नी पुष्पा और दो बेटियां लाडू व समीक्षा हैं। दीपिका के मुताबिक, तीन भाइयों में रामबाबू मंझले थे। परिवार काकोरी के धौला कुआं इलाके में रहता है। मजदूरी कर परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे रामबाबू की हत्या से परिजन सदमे में हैं। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों और संदिग्ध लोगों की जानकारी जुटाकर हत्याकांड की कड़ियां जोड़ने में लगी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।