लखनऊ में कार की बोनट पर लटकी रही युवती: बेरहमी से कुचलकर प्रेमी हुआ फरार, नई गर्लफ्रेंड संग पकड़े जाने पर हुआ विवाद
गोमती नगर विस्तार में बुधवार को प्रेम संबंध से जुड़े विवाद के बाद युवती को कार से कुचलने का मामला सामने आया है। जनेश्वर मिश्र पार्क के पास शाहनवाज ने कार से अनामिका को टक्कर मारी और उसे कुचलते हुए मौके से भाग गया। घटना में युवती को हल्की चोट आई है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है।
वीडियो में अनामिका कार के बोनट पर लटकी हुई दिखाई दे रही है। वह बचाने के लिए चिल्लाती नजर आती है। कार करीब 20-25 मीटर आगे जाने के बाद धीमी होती है। इसके बाद चालक अचानक रफ्तार बढ़ा देता है और युवती को कुचलते हुए आगे निकल जाता है। हालांकि, अनामिका इस घटना में बाल-बाल बच गई।
नई गर्लफ्रेंड के साथ पकड़ने पर हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, अनामिका ने शाहनवाज को दूसरी युवती के साथ पकड़ लिया था। दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद शाहनवाज कार लेकर वहां से निकलने लगा। अनामिका ने उसे रोकने और पकड़ने की कोशिश की तो उसने कार आगे बढ़ा दी, जिससे वह उसकी चपेट में आ गई। घायल युवती की पहचान अनामिका और आरोपी की शाहनवाज के रूप में हुई है।
युवती ने नाम बदलकर फंसाने का लगाया आरोप
अनामिका का आरोप है कि शाहनवाज ने उससे पहचान छिपाते हुए अपना नाम यश ठाकुर बताया था। इसी पहचान के जरिए उसने उसे अपने जाल में फंसाया। पुलिस घटना से जुड़े वीडियो और पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है।











