यूपी में कल वाल्मीकि जयंती पर रहेगा सार्वजनिक अवकाश: सभी सरकारी दफ्तर और स्कूल रहेंगे बंद, बिठूर में पूजा करेंगे सीएम योगी

उत्तर प्रदेश में सोमवार, 26 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती पर सार्वजनिक अवकाश रहेगा। योगी सरकार ने रविवार दोपहर तीन बजे इसका शासनादेश जारी किया। छुट्टी के दौरान सरकारी कार्यालय और स्कूल बंद रहेंगे, जबकि बैंक खुले रहेंगे। इससे पहले 2017 में योगी सरकार ने महापुरुषों की जयंती पर मिलने वाली 15 सार्वजनिक छुट्टियां रद्द कर दी थीं। इनमें वाल्मीकि जयंती का अवकाश भी शामिल था। सरकार ने तब इन दिनों स्कूलों और सरकारी कार्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर महापुरुषों के जीवन और योगदान की जानकारी देने की व्यवस्था की थी। हालांकि, वाल्मीकि समाज और विभिन्न संगठनों की मांग के बाद सार्वजनिक अवकाश बहाल कर दिया गया। पिछले साल भी इस अवसर पर छुट्टी घोषित की गई थी।
प्रदेश के सभी 75 जिलों में सोमवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती मनाई जाएगी। इस दौरान मंदिरों और रामायण से जुड़े प्रमुख स्थलों पर दीपदान, रामायण पाठ, भजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन के जरिए महर्षि वाल्मीकि के जीवन और रामायण से जुड़े प्रसंगों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
411 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कानपुर के बिठूर स्थित वाल्मीकि आश्रम पहुंचेंगे। यहां वह पूजा-अर्चना और रामायण पाठ में शामिल होंगे। मान्यता है कि इसी आश्रम में महर्षि वाल्मीकि ने रामायण की रचना की थी और माता सीता को आश्रय दिया था। यह भी मान्यता है कि लव-कुश का जन्म इसी स्थान पर हुआ था। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री बिल्हौर और बिठूर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 411 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

