यूपी में पंचायत चुनाव पर फिर लगा ब्रेक!: OBC आयोग की रिपोर्ट आने तक टले चुनाव, सरकार ने जारी किया शासनादेश

उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों और ग्रामीणों के लिए बड़ी खबर है। राज्य में पंचायत चुनाव अब समर्पित पिछड़ा वर्ग (OBC) आयोग की रिपोर्ट आने के बाद ही कराए जाएंगे। यह रिपोर्ट कब तक सरकार को सौंपी जाएगी, इसकी समय-सीमा अभी स्पष्ट नहीं है। तब तक गांवों में विकास कार्य प्रभावित न हों, इसके लिए योगी सरकार ने निवर्तमान ग्राम प्रधानों के प्रशासक के रूप में कार्यकाल को अगले छह महीने के लिए और बढ़ा दिया है।
पंचायती राज विभाग के प्रमुख सचिव रविंद्र की ओर से गुरुवार को इस संबंध में औपचारिक शासनादेश जारी कर दिया गया। आदेश के मुताबिक, शुक्रवार से ग्राम प्रधानों के प्रशासक के रूप में नए छह महीने की अवधि शुरू हो गई है। इससे पहले मई 2026 में कार्यकाल पूरा होने पर उन्हें छह महीने के लिए प्रशासक नियुक्त किया गया था, जिसकी समय-सीमा 26 नवंबर को समाप्त हो गई थी। शासनादेश में स्पष्ट किया गया है कि निवर्तमान ग्राम प्रधान अगले छह महीने तक या समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट आने तक प्रशासक का पदभार संभालते रहेंगे। इस फैसले से प्रदेश की 57,694 से अधिक ग्राम पंचायतों में प्रशासनिक और विकास गतिविधियां सुचारू रूप से जारी रहेंगी।
क्यों टल रहे हैं पंचायत चुनाव?
पंचायत चुनाव में देरी की मुख्य वजह ओबीसी आरक्षण तय करने के लिए गठित समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट का तैयार न होना है। रिपोर्ट के अनुसार, पिछड़ा वर्ग आयोग वर्तमान में प्रदेश के सभी जिलों में जाकर ओबीसी वर्ग के सामाजिक-आर्थिक पिछड़ेपन का सर्वे और आंकड़े जुटाने में लगा है। इसके लिए आयोग के कार्यकाल का भी विस्तार किया गया है। चुनाव समय पर न हो पाने की स्थिति को देखते हुए उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने हाल ही में 'उत्तर प्रदेश पंचायत राज अध्यादेश, 2026' को मंजूरी दी थी। राज्यपाल की मंजूरी के बाद अब विभाग ने प्रशासकों का कार्यकाल बढ़ाने का आदेश लागू किया है।
चुनाव के लिए और करना पड़ सकता है इंतजार
प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत, आयोग द्वारा अपनी रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद उसे कैबिनेट की मंजूरी के लिए रखा जाएगा। इसके बाद पंचायती राज विभाग सीटों के परिसीमन और आरक्षण का ड्राफ्ट तैयार करेगा, जिस पर आम जनता से आपत्तियां मांगी जाएंगी। आपत्तियों के निस्तारण और अंतिम आरक्षण सूची जारी होने के बाद ही राज्य निर्वाचन आयोग चुनाव की अधिसूचना जारी कर सकेगा। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच पंचायत चुनावों के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।