सीएम के चैलेंज पर सपा मुखिया अखिलेश ने किया पलटवार: कहा पहले अपना टिकट पक्का करवाएं, फिर दूसरों को चुनौती दें
यूपी विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक पार्टियों में जुबानी जंग छिड़ गई है। एक-दूसरे पर खूब जुबानी तीर छोड़ जा रहे हैं। वहीं चुनाव से पहले ही अयोध्या सियासी अखाड़ा बनता जा रहा है। सीएम योगी के चैलेंज पर सपा मुखिया ने पलटवार करते हुए कहा कि पहले सीएम अपना टिकट पक्का करवाएं, फिर दूसरों को चुनौती दें।
बतादें कि बीते दिनों अखिलेश यादव ने सीएम योगी के बार-बार अयोध्या दौरे को लेकर सवाल उठाया था। उन्होंने कहा था कि वह अयोध्या से चुनाव क्यों नहीं लड़ लेते। इस पर शनिवार को सीएम योगी ने चैलेंज स्वीकार करते हुए अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने का चैलेंज कर दिया था।
अखिलेश बोले-अहंकारी लोग पवन के झोंके में उड़ जाएंगे
रविवार को जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय केंद्र में लोकनायक की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद सपा मुखिया अखिलेश यादव ने पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि अहंकारी लोग पवन के झोंके में उड़ जाएंगे। किसका टिकट पहले तय किया गया? वह अयोध्या से पवन पांडेय हैं। उन्होंने कहा बताइए, क्या मुख्यमंत्री (चुनाव के) टिकट बांटते हैं? उन्हें (आदित्यनाथ को) भी टिकट पाने के लिए लाइन में लगना पड़ता है। इतना ही नहीं, उन्हें दूसरों को टिकट दिलाने के लिए भी गुहार लगानी पड़ती है। जिसे खुद यह पक्का नहीं है कि उसे टिकट मिलेगा या नहीं वह दूसरों को टिकट दिलाने की बात कर रहा है। पहले अपना टिकट पक्का करवाइए, फिर मुझे चुनौती दीजिए।' समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने रविवार को दावा किया कि अयोध्या विधानसभा क्षेत्र से उनकी पार्टी के उम्मीदवार पवन पांडेय प्रतिद्वंद्वियों को हराएंगे।
बलरामपुर में क्या बोले थे मुख्यमंत्री
सीएम योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर में एक जनसभा के दौरान कहा था अयोध्या से चुनाव लड़ने की उनकी चुनौती स्वीकार है। सीएम योगी ने कहा था अखिलेश जी, अयोध्या हमारी पवित्र भूमि है। वहां के विकास में कोई कमी न रहे और उत्तर प्रदेश की पहचान किसी तरह खराब न हो यह सुनिश्चित करने के लिए मैं अयोध्या जाता हूं। यह हमारी आस्था और भक्ति का केंद्र है। हम वहां चुनाव लड़ने नहीं जाते, बल्कि वहां के सर्वांगीण विकास के लिए जाते हैं।
अखिलेश ने भाजपा पर लोकनायक को कैद करने का लगाया आरोप
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण की रविवार को 115वीं जयंती से पहले यहां स्थित जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) की सुरक्षा बढ़ाए जाने के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर लोकनायक को कैद करने का आरोप लगाया। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, आजकल वो ही रखवाले हैं जिनकी सोच पर लगे ताले हैं। जिन जयप्रकाश नारायण ने स्वतंत्रता का आंदोलन लड़ा, आज भाजपा राज में वो ही क़ैद से कर दिए गए हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

