लखनऊ में मामूली टक्कर के बाद स्कूली वैन में तोड़फोड़: कांवड़ियों ने तोड़े वाहन के शीशे, जांच में जुटी पुलिस
राजधानी के चौक क्षेत्र स्थित चरक चौराहे के पास सोमवार सुबह स्कूली बच्चों से भरी वैन और बाइक सवार युवकों के बीच मामूली टक्कर के बाद विवाद हो गया। आरोप है कि मंदिर दर्शन के लिए जा रहे युवकों ने गुस्से में वैन के शीशे पर किसी भारी वस्तु से वार कर उसे तोड़ दिया। घटना से वैन में बैठे बच्चे सहम गए। आसपास लोगों की भीड़ जुटती देख बाइक सवार युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
एसीपी चौक के अनुसार, सोमवार सुबह करीब सात बजे कांवड़ियों की वेशभूषा में कुछ युवक बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान उनकी स्कूली वैन से हल्की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर बाइक सवार युवकों ने किसी भारी वस्तु से वैन के शीशे पर हमला कर दिया, जिससे शीशा टूट गया। घटना के समय वैन में स्कूली बच्चे मौजूद थे, जो अचानक हुए घटनाक्रम से घबरा गए।
आरोपी युवक मौके से फरार
घटना के बाद मौके पर दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने पर आरोपी युवक बाइक से भाग निकले। वहीं, वैन चालक भी वहां से चला गया। घटना का वीडियो आसपास मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। एक बाइक सवार ने आरोपित युवकों का पीछा करते हुए उनका वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक बाइक पर भगवा झंडा लगाए दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि मामूली टक्कर के बाद उपद्रव किया गया। पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जा रहा है। वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपित युवकों की पहचान कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।











