शिवा शर्मा हत्या कांड: छह घंटे तक श्रद्धा दुबे से पूछताछ, भेजी गई जेल

लखनऊ के चर्चित कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड मामले में नागपुर से गिरफ्तार मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश को पुलिस बुधवार को लेकर लखनऊ पहुंची। आरोपियों को हजरतगंज कोतवाली लाया गया। वहां पर उनसे करीब साढ़े छह घंटे तक पूछताछ की गई। इसके बाद पुलिस ने श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और चालक दानिश का मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद मॉडल श्रद्धा दुबे को लखनऊ कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। उसके साथ बहन रश्मि और ड्राइवर को भी जेल भेजा गया है।
कोतवाली में बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की रही। बता दें कि पुलिस, उत्तर प्रदेश एसटीएफ और नागपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मंगलवार को तीनों को गिरफ्तार किया गया था। तीनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने बुधवार को तीनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड के लिए नागपुर कोर्ट में पेश किया। रिमांड मिलने के बाद पुलिस उन्हें लेकर लखनऊ रवाना हुई थी। कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में हजरतगंज थाने में श्रद्धा, रश्मि, दानिश, आदिल और अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
नागपुर से आरोपी किए गए थे गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कराया गया था। उनकी लगातार बदलती लोकेशन के कारण गिरफ्तारी चुनौती बन गई थी। इसके बाद तलाश में यूपी एसटीएफ को भी लगाया गया। सोमवार रात आरोपियों की लोकेशन नागपुर की तरफ मिलने पर टीमें वहां रवाना हुईं थी। पुलिस के अनुसार, श्रद्धा अपनी बहन और ड्राइवर के साथ करीब 2,200 किलोमीटर का सफर तय कर कई होटलों और लॉज में ठहरी थी।
पुलिस के पहुंचने से पहले निकल जाते थे आरोपी
पुलिस की टीम किसी ठिकाने पर पहुंचती उससे कुछ घंटे पहले ही तीनों वहां से निकल जाते थे। पुलिस को ऐसे कई ठिकानों की जानकारी मिली जहां आरोपियों के पहुंचने और निकलने के बाद टीमें तलाश में पहुंचीं। शिवा शर्मा की मौत के बाद श्रद्धा, रश्मि और दानिश के नेपाल भागने की आशंका भी जताई गई थी। पुलिस की पड़ताल में उनकी गाड़ी के सीतापुर-लखीमपुर मार्ग से बहराइच के रुपईडीहा बॉर्डर तक पहुंचने की जानकारी सामने आई थी। पुलिस के मुताबिक, श्रद्धा नेपाल के बुटवल में भी एक होटल में ठहरी थी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

