शिव शर्मा हत्याकांड में श्रद्धा दुबे का एक और वीडियो आया सामने: मौत को बताया आत्महत्या, कहा-अपनी आंखों से बालकनी से छलांग लगाते देखा

लखनऊ के व्यापारी शिव शर्मा मौत मामले में आरोपी बनाई गई श्रद्धा दुबे ने एक और वीडियो जारी कर घटना वाले दिन की पूरी कहानी बताई है। उन्होंने शिव की मौत को हत्या के बजाय आत्महत्या बताया और दावा किया कि उन्होंने अपनी आंखों से शिव को बालकनी से छलांग लगाते देखा था। श्रद्धा ने शिव पर 15 से 20 लाख रुपये का कर्ज होने का भी दावा किया है। इससे पहले भी श्रद्धा दुबे ने एक वीडियो जारी कर अपने आप को बेगुनाह बताया था।
शिव शर्मा हत्याकांड में नाम सामने आने के बाद श्रद्धा दुबे ने वीडियो जारी कर कहा कि घटना वाले दिन जो हुआ, वह आत्महत्या थी, हत्या नहीं। श्रद्धा के मुताबिक, सात तारीख से पहले करीब पांच-छह दिनों तक उनकी शिव से बातचीत नहीं हुई थी। उन्होंने बताया कि कपूरथला चौराहे के एक चायवाले के जरिए शिव ने उनके ड्राइवर को फोन करवाया था। उन्होंने अपने नंबर से भी दो बार कॉल की लेकिन उस समय फोन नहीं उठा। रात करीब दो बजे शिव का फोन आया जिसके बाद वह अपनी बीएमडब्ल्यू से उनसे मिलने पहुंचा। उनका कहना है कि शिव ने शराब पी रखी थी। इसके बाद दोनों पैडलर्स कैफे गए, जहां शिव ने उनके लिए माचा और ड्राइवर के लिए जूस मंगाया। फिर वे घर लौट आए।
लिव-इन में रहने की बात से किया इनकार
श्रद्धा के अनुसार, उस समय शिव उनकी गाड़ी चला रहा था, जबकि उनका ड्राइवर शिव की गाड़ी चला रहा था। श्रद्धा ने बताया कि 8 तारीख को उनकी बहन पूजा से जुड़ी बातचीत के लिए घर आई थी। उनका दावा है कि उनकी बहन का शिव से खास परिचय नहीं था और न ही इस मामले से उसका कोई संबंध है। उस दिन वे घूमने भी गए थे। शाम को शिव के दोस्त अश्विनी मिश्रा और हर्ष भी आए थे।उन्होंने शिव के साथ लिव-इन में रहने की बात से इनकार करते हुए कहा कि वे उसे करीब चार महीने से जानती थीं और पिछले दो महीने से रिश्ते में थे।
शिव को कर्जदारों के आते थे फोन
श्रद्धा ने यह भी दावा किया कि शिव के पास कर्जदारों के फोन आते रहते थे और वह कर्ज न चुका पाने की स्थिति में आत्महत्या करने की बात कह चुका था। श्रद्धा के अनुसार, नौ तारीख को सुबह शिव वॉशरूम जाने के लिए अंदर गया और उसने मुख्य दरवाजा बंद कर लिया। उन्हें शक हुआ तो उन्होंने अपनी बहन को दरवाजा खोलकर देखने भेजा। इसी दौरान शिव ने बालकनी से छलांग लगा दी। उन्होंने दावा किया कि घटना के बाद पुलिस हेल्पलाइन 112 और एंबुलेंस सेवा 108 पर कॉल की गई थी। उन्होंने शिव की मां पर अस्पताल में उनके ड्राइवर से मारपीट करने का आरोप भी लगाया और कहा कि यह घटना सीसीटीवी में दर्ज हो सकती है।
पुलिस को सौंप दिया गया है शिव का फोन
श्रद्धा ने कहा कि शिव का फोन पुलिस को सौंप दिया गया है और कॉल डिटेल्स की जांच से कई बातें स्पष्ट हो सकती हैं। वीडियो के अंत में उन्होंने मीडिया से अपील की कि उनके खिलाफ अपुष्ट खबरें न चलाई जाएं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और कॉल डिटेल्स व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सच सामने लाने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

