लखनऊ के होटल में मिला सिपाही का शव: गोरखपुर में थी तैनाती, नशे की ओवरडोज से मौत की आशंका
लखनऊ के विकासनगर स्थित 'होटल टाउन इन' में गोरखपुर में तैनात सिपाही अंकित सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। पुलिस की शुरुआती जांच और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर नशे की ओवरडोज को मौत का मुख्य कारण माना जा रहा है। शव के पास से पुलिस को इंजेक्शन और सिरिंज मिलीं। पुलिस ने अंकित के साथ मौजूद दोस्त को हिरासत में ले लिया।
एडीसीपी पूर्वी अमोल मुर्कुट ने बताया कि अंकित सिंह वर्तमान में गोरखपुर स्थित कैपियरगंज थाने में तैनात थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सिपाही अंकित अपने दोस्त के काम से उसके साथ गोरखपुर से विकासनगर आया था। यहां दोनों होटल टाउन हाउस में रुके थे। सोमवार सुबह दोस्त सो कर उठ गया, मगर अंकित नहीं जागे। काफी प्रयास के बाद भी अंकित नहीं उठे तो दोस्त ने होटल मैनेजर को इसकी जानकारी दी।
दोस्त ने बताया, इंजेक्शन से किया था नशा
मैनेजर की सूचना पर पहुंची विकासनगर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने होटल पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने सिपाही के घरवालों को घटना की जानकारी दी। एडीसीपी के मुताबिक दोस्त ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि वह और अंकित नशा करते थे। होटल पहुंचने पर उसने और सिपाही ने इंजेक्शन से नशा किया था। ऐसे में नशे के ओवरडोज से सिपाही की मौत की आशंका है।
चाचा ने की गहन जांच की मांग
अंकित के चाचा चंद्रेश सिंह ने मामले की गहन जांच और होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की मांग की है। चाचा ने बताया कि वर्ष 2025 में भतीजे की नौकरी लगी थी। ट्रेनिंग के बाद उसकी पहली पोस्टिंग गोरखपुर में हुई थी। 20 साल पहले अंकित के पिता की मौत हो चुकी थी। परिवार में सिर्फ मां आशा देवी हैं। मां आशा को जब घटना की जानकारी मिली तो वह बेहोश हो गईं। घर में इकलौते बेटे की मौत के बाद कोहराम मच गया। एडीसीपी ने बताया कि अंकित की मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही पता चल सकेगी। घरवालों ने लिखित में कोई तहरीर थाने में नहीं दी है। फिलहाल हिरासत में लिए गए दोस्त से पूछताछ की जा रही है।











