लखनऊ में सपा प्रमुख अ​खिलेश यादव ने भाजपा पर लगाया गंभीर आरोप: कहा- बीजेपी के इशारे पर काम करा ​रहा प्रशासन और चुनाव आयोग , मतदाता सूची में किया जा रहा हेरफेर

लखनऊ|
कहा- बीजेपी के इशारे पर काम करा ​रहा प्रशासन और चुनाव आयोग , मतदाता सूची में किया जा रहा हेरफेर

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला है। गुरुवार को लखनऊ में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने दावा किया कि आगामी चुनावों में भाजपा का घड़ा नहीं, बल्कि पूरा टैंकर फूटेगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन और चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं और मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर हेरफेर किया जा रहा है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के बाद भी मतदाता सूची में लाखों फर्जी नाम जुड़े हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई विधानसभा क्षेत्रों में एक ही व्यक्ति के नाम पर दो से लेकर 10 वोट तक दर्ज हैं।

अवैध मतदान कराने का लगाया आरोप

सपा प्रमुख का आरोप है कि जिन सीटों पर भाजपा को हार का डर है, वहां जानबूझकर समाजवादी पार्टी के पारंपरिक मतदाताओं के नाम सूची से कटवाए जा रहे हैं। उन्होंने बक्शी का तालाब (लखनऊ), कासगंज, बाराबंकी और जौनपुर जैसे क्षेत्रों की तस्वीरें साझा कर नाम हटाए जाने का दावा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदान के दिन प्रशासन की मिलीभगत से फर्जी आधार कार्ड बनवाकर अवैध रूप से मतदान कराया जाता है। उन्होंने महोबा का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां एक ही घर में 4,000 से अधिक वोट बने हुए हैं।

कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने का दिया संदेश

अखिलेश यादव ने सपा कार्यकर्ताओं और बूथ एजेंटों को चुनावी साजिशों के खिलाफ पूरी तरह मुस्तैद रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा-"बूथ एजेंट मजबूत बनाएं, फर्जी वोट न पड़ने दें, वोट कटने से बचाना है और वोट की कड़ी निगरानी करनी है।" उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर भाजपा की यह 'चारसौबीसी' नहीं चलने दी जाएगी।

चुनाव आयोग पर निशाना

सपा अध्यक्ष ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए उसे 'जुगाड़ आयोग' तक कह डाला। उनका कहना है कि पार्टी की ओर से इन गड़बड़ियों के पुख्ता सबूत दिए जाने के बावजूद आयोग की तरफ से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।