हंगामे के साथ मानसून सत्र का आगाज: विधानसभा के बाहर सपा-कांग्रेस का प्रदर्शन, विपक्ष ने सरकार को घेरा

उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो गया। सत्र की शुरुआत से पहले ही राजनीतिक माहौल गरमा गया। सत्ता पक्ष ने विपक्ष से जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा और सदन की गरिमा बनाए रखने की अपील की, जबकि विपक्ष ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी, नीट पेपर लीक, बिजली संकट, छात्र आंदोलन, किसानों के लिए खाद की उपलब्धता और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई।
सत्र शुरू होने से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के विधायकों ने विधानसभा परिसर के बाहर प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ता दानपेटी में चिल्लर लेकर पहुंचे और राम मंदिर चढ़ावा चोरी तथा नीट पेपर लीक के विरोध में नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान पोस्टरों पर 'चंदा चोर-गद्दी छोड़' जैसे नारे भी लिखे गए। सपा नेता जाहिद बेग साइकिल से विधानसभा पहुंचे और राम मंदिर चंदा प्रकरण तथा ई-20 पेट्रोल से जुड़े पोस्टर भी प्रदर्शित किए।
पहले दिन शोक प्रस्ताव के बाद स्थगित होगी कार्यवाही
मानसून सत्र के पहले दिन विधानसभा में आजमगढ़ की निजामाबाद सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक आलमबदी के 23 जुलाई को हुए निधन पर शोक प्रस्ताव रखा गया। शोक प्रस्ताव के बाद पहले दिन की विधानसभा कार्यवाही स्थगित किए जाने की जानकारी दी गई। वहीं विधान परिषद की कार्यवाही सोमवार को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चलेगी। चार दिन तक चलने वाले इस सत्र के छह अगस्त तक जारी रहने की संभावना है।
सरकार ला सकती है कई विधेयक
सरकार इस सत्र में पिछले सत्र के बाद जारी किए गए नौ अध्यादेशों के स्थान पर प्रतिस्थानी विधेयक पेश कर सकती है। इसके अलावा कुछ नए विधेयक भी सदन में लाए जाने की संभावना है। सत्र शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना के साथ प्रेस वार्ता कर सरकार की प्राथमिकताओं की जानकारी दी।
नेता प्रतिपक्ष ने गिनाए प्रमुख मुद्दे
नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि इस सत्र में राम मंदिर चढ़ावा चोरी, बिजली संकट, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी का मामला विपक्ष का प्रमुख विषय रहेगा, जिस पर सदन में विस्तार से चर्चा की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









