यूपी के एक्सप्रेसवे पर अब चालकों की होगी फिटनेस जांच: नशे में मिले तो नहीं मिलेगी एंट्री, हादसों के बाद सरकार का बड़ा कदम

लखनऊ|
सेव सूची

उत्तर प्रदेश में लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए योगी सरकार ने सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की तैयारी की है। अब प्रदेश के सभी एक्सप्रेसवे पर वाहन लेकर प्रवेश करने से पहले चालकों की जांच अनिवार्य करने की व्यवस्था बनाई जाएगी। इसमें चालक की सेहत के साथ यह भी पता लगाया जाएगा कि उसने शराब या किसी अन्य मादक पदार्थ का सेवन तो नहीं किया है।

डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को दिए ​निर्देश

लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण बस हादसे के बाद सरकार ने यह फैसला लिया है। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इस संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों को पत्र लिखकर जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव, परिवहन आयुक्त, यूपीसीडा के सीईओ और रोडवेज के प्रबंध निदेशक को पत्र भेजा है। इसमें एक्सप्रेसवे पर प्रवेश से पहले वाहन चालकों की फिटनेस और नशे की जांच सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।

फिटनेस और नशे की जांच के बाद ही मिलेगी एंट्री

सरकार की योजना के मुताबिक, एक्सप्रेसवे पर वाहन लेकर पहुंचने वाले चालकों की पहले स्वास्थ्य जांच की जाएगी। इसके साथ ही यह भी जांच होगी कि चालक किसी नशीले पदार्थ के प्रभाव में तो नहीं है।

जांच में चालक के अनफिट पाए जाने या नशे की स्थिति सामने आने पर उसे वाहन चलाने की अनुमति नहीं देने की व्यवस्था लागू करने पर जोर दिया गया है। इसका उद्देश्य सड़क पर ऐसे चालकों को वाहन चलाने से रोकना है, जिनकी लापरवाही से बड़े हादसे हो सकते हैं।

ओवरस्पीडिंग करने वालों पर भी होगी कार्रवाई

सरकार ने सिर्फ चालक की फिटनेस ही नहीं, बल्कि एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के भी निर्देश दिए हैं। निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित विभागों को यातायात नियमों का प्रभावी ढंग से पालन कराने और तेज रफ्तार वाहनों पर निगरानी बढ़ाने को कहा गया है। दरअसल, आगरा एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट पर हुए भीषण बस हादसे के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।