उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को मिला नया मु​खिया: वरिष्ठ आईपीएस अ​धिकारी आलोक सिंह नियुक्त हुए अध्यक्ष, 23 जनवरी 2029 तक संभालेंगे पद

लखनऊ|
वरिष्ठ आईपीएस अ​धिकारी आलोक सिंह नियुक्त हुए अध्यक्ष, 23 जनवरी 2029 तक संभालेंगे पद
सेव सूची

उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी भर्ती संस्था उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को नया मुखिया मिल गया है। योगी सरकार ने 1995 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और वर्तमान में डीजी पीएसी के पद पर तैनात आलोक सिंह को आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। शासन द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के मुताबिक, आलोक सिंह पदभार ग्रहण करने की तिथि से 23 जनवरी 2029 तक इस पद पर बने रहेंगे।

आलोक सिंह की पुलिस सेवा से सेवानिवृत्ति जनवरी 2027 में होनी थी, लेकिन आयोग का अध्यक्ष बनने के लिए उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए आवेदन कर दिया है। निवर्तमान अध्यक्ष संजय श्रीनेत का कार्यकाल पूरा होने के बाद यह पद खाली हुआ था। अध्यक्ष पद के लिए 60 से अधिक दिग्गज अधिकारियों और शिक्षाविदों ने आवेदन किया था, जिनमें गहन मंथन के बाद आलोक सिंह के नाम पर अंतिम मुहर लगी।

डीजी, पीएसी और विशेष सुरक्षा बल की रही जिम्मेदारियां

आलोक सिंह की नियुक्ति के साथ ही उत्तर प्रदेश की प्रमुख भर्ती संस्थाओं और चयन बोर्डों की कमान वर्तमान या पूर्व आईपीएस अधिकारियों के हाथों में आ गई है। मूल रूप से अलीगढ़ के निवासी आलोक सिंह 1995 बैच के तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी हैं। इससे पहले वे गौतमबुद्ध नगर के पहले पुलिस कमिश्नर रह चुके हैं। साथ ही उनके पास डीजी पीएसी और विशेष सुरक्षा बल (SSF) जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी रही हैं।

क्यों खास है यह नियुक्ति?

राज्य सिविल सेवा समेत तमाम बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन करने वाले UPPSC में पारदर्शिता और समयबद्ध परीक्षाएं कराना सबसे बड़ी चुनौती होती है। ऐसे में एक अनुभवी प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी को अध्यक्ष बनाए जाने को काफी अहम माना जा रहा है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।