यूपी में छाएगा कोहरा: दो से चार डिग्री तक गिर सकता है पारा, बढ़ेगी ठंड, मौसम विभाग का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ रहा है। वहीं, अब प्रदेश के कई हिस्सों में घने कोहरे की दस्तक भी होने वाली है। मौसम विभाग ने 16 और 17 नवंबर को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना जताई है। इससे सुबह के समय सड़कों पर दृश्यता कम हो सकती है। मौसम में इस बदलाव के साथ आने वाले दिनों में तापमान में भी गिरावट के आसार हैं, जिससे ठंड और बढ़ेगी।
सुबह छाया रह सकता है कोहरा
मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, 16 और 17 नवंबर को प्रदेश के दोनों मौसम संभागों में कहीं-कहीं घना कोहरा छा सकता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में पहले से ही कोहरे और धुंध का असर देखने को मिल रहा है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में भी सुबह के समय कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है। गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज और बस्ती समेत पूर्वांचल के लोगों को सुबह के समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
दो से चार डिग्री तक गिर सकता है अधिकतम तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी अगले दो दिनों तक खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने के आसार हैं। तापमान में इस गिरावट से सुबह और रात के समय ठंड का असर अधिक महसूस होगा।
पश्चिमी यूपी के पांच जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा और फिरोजाबाद में 15 नवंबर को कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। हालांकि, 16 नवंबर से प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। 18 से 20 नवंबर तक भी बारिश की संभावना नहीं है।
कोहरे में वाहन चलाते समय बरतें सावधानी
सुबह के समय घना कोहरा छाने से सड़कों पर दृश्यता प्रभावित हो सकती है। ऐसे में हाईवे और ग्रामीण मार्गों पर वाहन चलाने वालों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। वाहन चालकों को धीमी गति से चलने, फॉग लाइट का इस्तेमाल करने और आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की सलाह दी जाती है। मौसम में बदलाव के बीच बच्चों और बुजुर्गों को सुबह-शाम ठंड से बचाव के लिए जरूरी सावधानी बरतनी चाहिए।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।