यूपी में 2027 में फिर भाजपा सरकार बनी तो लागू होगा UCC: लखनऊ में अमित शाह का बड़ा ऐलान, कहा- कई राज्यों में पहले ही हो चूका हैं लागू

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित उत्तर प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक में एक बहुत बड़ा चुनावी ऐलान किया है। अमित शाह ने स्पष्ट रूप से घोषणा की है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने पर उत्तर प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) को पूरी तरह लागू किया जाएगा।
लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी ऑडिटोरियम में आयोजित इस एक दिवसीय बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित भाजपा के तमाम बड़े नेता और हजारों कार्यकर्ता मौजूद थे।
यूपी में अंगद की पांव की तरह अडिग है भाजपा
गृह मंत्री ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा, "देश के कई राज्यों में यूसीसी (UCC) पहले ही लागू हो चुका है। इस बार जब उत्तर प्रदेश की जनता तीसरी बार पूर्ण बहुमत से भाजपा की सरकार बनाएगी, तो हम यहां भी समान नागरिक संहिता लागू करेंगे।" विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार 'अंगद के पांव' की तरह अडिग है, जिसे कोई हिला नहीं सकता। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी अगले 30 साल तक यूपी की सत्ता में वापस नहीं आ पाएगी।
शाह ने की सीएम योगी की तारीफ
अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कामकाज की सराहना की और कहा कि उन्होंने उत्तर प्रदेश को पूरी तरह से माफिया मुक्त बनाने का काम किया है। राज्य के आर्थिक विकास का जिक्र करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि 2017 से पहले यूपी के मुख्यमंत्रियों को इन्वेस्टर समिट के लिए दिल्ली जाना पड़ता था, लेकिन आज यूपी खुद देश का सबसे बड़ा इन्वेस्टर हब बन चुका है, जहां 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव आए हैं। 2027 के चुनावों के लिए चुनावी शंखनाद करते हुए शाह ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने आपसी मनमुटाव और सभी तरह की नाराजगी को भूलकर चुनाव में जी-जान से जुट जाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को पार्टी का असली मालिक बताया। भाजपा के इस बड़े ऐलान के बाद उत्तर प्रदेश का सियासी पारा चढ़ गया है और 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए 'समान नागरिक संहिता' एक बड़ा चुनावी मुद्दा बनने जा रहा है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

