योगी आदित्यनाथ ने की जनगणना-2027 की शुरुआत: कहा- एक भी पात्र व्यक्ति न छूटे, सटीक आंकड़े ही प्रदेश के समग्र विकास का आधार
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनगणना-2027 के दूसरे चरण की शुरुआत की। इस चरण में स्वगणना (Self-Enumeration) और घर-घर जाकर जनगणना करने की प्रक्रिया शामिल है। लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि गणना में समाज का कोई भी पात्र व्यक्ति छूटना नहीं चाहिए। क्योंकि सही और सटीक आंकड़े ही प्रदेश के समग्र विकास की योजनाओं का आधार बनेंगे।
आंकड़ों से तय होगी विकास योजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना के आंकड़ों से जरूरत तय करने में मदद मिलेगी। प्रदेश में कहां स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं की जरूरत है। उन्होंने चेतावनी दी कि आंकड़ों में छूटने वाला व्यक्ति कई बार सरकारी योजनाओं के लाभ से भी वंचित रह जाता है।
यूपी में कब चलेगा अभियान
देश की सबसे बड़ी आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश से इस बड़े अभियान की शुरुआत हो रही है। स्वगणना का समय: 16 से 30 नवंबर तक है। घर-घर जनगणना: 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक होगा। अन्य राज्यों में यह प्रक्रिया फरवरी में शुरू होगी। प्रगणक घर-घर जाकर धर्म, जाति, शिक्षा, व्यवसाय और मातृभाषा समेत 40 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी एकत्र करेंगे।
मुसहर समुदाय का उदाहरण देकर समझाई अहमियत
मुख्यमंत्री ने अपने पुराने अनुभवों का जिक्र करते हुए कहा कि मुसहर समुदाय समाज के सबसे वंचित वर्गों में शामिल था। उसके कई परिवारों के पास न पक्के मकान थे और न ही राशन कार्ड। उन्होंने कहा कि यदि पिछली जनगणनाओं में उनकी स्थिति और आर्थिक विपन्नता का सही आकलन किया गया होता। तो उन्हें पहली पंचवर्षीय योजना के समय से ही सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाता। मुख्यमंत्री ने बताया कि 2017 में प्रदेश में सरकार बनने के बाद ऐसे वंचित वर्गों के लिए अलग से योजनाएं बनाकर उन्हें लाभान्वित किया गया।
कर्मचारियों को दिए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री ने जनगणना अभियान से जुड़े अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वे घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करते समय विनम्रता और धैर्य का परिचय दें। उन्होंने कहा कि कर्मियों को स्वयं को एक राष्ट्रीय कार्य के प्रतिनिधि के रूप में प्रस्तुत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कई बार लोग अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करने में संकोच या भय महसूस करते हैं। ऐसे में जनगणना कर्मियों को लोगों को समझाना चाहिए कि उनके द्वारा दी गई जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। और देश के विकास की योजनाएं तैयार करने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। मुख्यमंत्री ने आगाह किया कि आंकड़ों में एक छोटी सी गलती भी देश और प्रदेश की भविष्य की योजनाओं को प्रभावित कर सकती है। इसलिए जनगणना का काम पूरी ईमानदारी और सावधानी से किया जाना चाहिए।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।