योगी के अचानक दिल्ली जाने से बढ़ी सियासी हलचल: अचानक आगरा दौरा किया रद्द, अमित शाह के साथ होगी अहम बैठक
उत्तर प्रदेश की सियासत में हलचल के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगरा दौरा अचानक रद्द हो गया है। दो दिनों से मथुरा में चल रही भाजपा की संगठनात्मक बैठक में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री अब आगरा जाने के बजाय सीधे दिल्ली रवाना होंगे। वहां उनकी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ अहम बैठक प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री मथुरा में हुए दो दिवसीय मंथन का पूरा ब्योरा लेकर दिल्ली पहुंचेंगे और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को प्रदेश की राजनीतिक और संगठनात्मक स्थिति से अवगत कराएंगे।
दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पिछले दो दिनों से मथुरा के गोग्राम परखम स्थित अशोक सिंघल सभागार में भाजपा की बैठक में हिस्सा ले रहे हैं। पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार, मंगलवार को बैठक के समापन के बाद उन्हें दोपहर बाद आगरा जाना था। यहां उन्हें पार्टी के दिवंगत विधायक के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त करनी थी, लेकिन अचानक बदले कार्यक्रम के तहत उनका आगरा दौरा स्थगित कर दिया गया। अब वह मथुरा से सीधे दिल्ली जाएंगे।
अमित शाह को देंगे दो दिन की बैठक का ब्योरा
मुख्यमंत्री योगी के अचानक दिल्ली जाने को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ होने वाली बैठक में मुख्यमंत्री मथुरा में हुए दो दिवसीय मंथन की जानकारी देंगे। इसमें संगठन की जमीनी स्थिति, जनप्रतिनिधियों से मिले फीडबैक और चुनावी तैयारियों से जुड़े अहम मुद्दे शामिल हो सकते हैं।
मथुरा में हुई बैठक में प्रदेश में भाजपा की राजनीतिक स्थिति, संगठन की चुनौतियों और आगामी रणनीति पर चर्चा हुई है। ऐसे में बैठक के तुरंत बाद मुख्यमंत्री का दिल्ली जाना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन भी इस बैठक में शामिल हो रहे हैं।
रातोंरात बदल दिया गया बैठक का नाम
मथुरा के गोग्राम परखम में आयोजित भाजपा की इस अहम बैठक का नाम भी चर्चा में रहा। शुरुआत में इसे चिंतन शिविर नाम दिया गया था, लेकिन सोमवार को बैठक शुरू होने से पहले इसका नाम बदलकर योजना बैठक कर दिया गया। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर आयोजित इस बैठक में पार्टी के चुनिंदा नेताओं और जनप्रतिनिधियों को ही शामिल होने की अनुमति दी गई।
बैठक शुरू होने से पहले सूची से बाहर नेताओं को लौटाया
सोमवार दोपहर करीब 2:45 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोग्राम परखम स्थित अशोक सिंघल सभागार पहुंचे। बैठक की शुरुआत वंदे मातरम् के साथ हुई। मुख्यमंत्री के पहुंचने पर स्वागत की औपचारिकता पूरी की गई। इस दौरान सभागार में कुछ ऐसे भाजपा नेता, सांसद, विधायक और मंत्री भी मौजूद थे, जिनके नाम बैठक में शामिल होने वाले लोगों की सूची में नहीं थे।
बैठक विधिवत शुरू होने से ठीक पहले सूची में शामिल नहीं होने वाले नेताओं और जनप्रतिनिधियों को सभागार से बाहर कर दिया गया। इसके बाद निर्धारित लोगों के साथ बैठक शुरू हुई।
चुनावी तैयारियों के बीच दिल्ली दौरे के सियासी मायने
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा संगठन और सरकार के स्तर पर तैयारियां तेज कर रही है। मथुरा में दो दिनों तक चली बैठक और उसके तुरंत बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अमित शाह से मुलाकात को इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। अब सबकी नजर दिल्ली में होने वाली इस बैठक पर है, जहां प्रदेश के संगठन और चुनावी तैयारियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।