योगी सरकार का बड़ा फैसला: 28 आईपीएस अधिकारियों का तबादला, जानें किसे कहां मिली नई तैनाती

उत्तर प्रदेश शासन ने राज्य की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक ढांचे को और अधिक चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया है। गृह विभाग द्वारा जारी तबादला सूची में कुल 28 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। इस व्यापक बदलाव के तहत प्रदेश के चार प्रमुख कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त और दो महत्वपूर्ण जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदल दिए गए हैं। इसके साथ ही तीन अधिकारियों के पूर्व में जारी तबादला आदेशों को निरस्त भी किया गया है।
शासन ने प्रयागराज, वाराणसी, गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नरों की जिम्मेदारी में बड़ा बदलाव किया है। वाराणसी के पुलिस कमिश्नर रहे मोहित अग्रवाल को अब प्रयागराज का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। किरण एस को वाराणसी कमिश्नरेट का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को स्थानांतरित कर गाजियाबाद का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर रहे जे. रविंदर गौड़ को अब गौतमबुद्धनगर (नोएडा) की कमान सौंपी गई है।
वहीं, प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर रहे पीयूष मोर्डिया को लखनऊ मुख्यालय में एडीजी के पद पर तैनात किया गया है।
अयोध्या और मुरादाबाद के SSP की अदला-बदली
जिला स्तर पर पुलिस नेतृत्व में बदलाव करते हुए दो प्रमुख जिलों के एसएसपी भी बदले गए हैं। अयोध्या के एसएसपी रहे डॉ. गौरव ग्रोवर को अब मुरादाबाद का नया एसएसपी बनाया गया है। मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल को स्थानांतरित कर अयोध्या का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है।
जोन और रेंज स्तर पर भी अहम बदलाव
कमिश्नरेट और जिलों के अलावा कई जोन के एडीजी और परिक्षेत्रों के डीआईजी भी बदले गए हैं। बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा को लखनऊ जोन का नया एडीजी बनाया गया है, जबकि लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार को बरेली जोन भेजा गया है। अलीगढ़ के डीआईजी प्रभाकर चौधरी को लखनऊ परिक्षेत्र, सहारनपुर के डीआईजी अभिषेक सिंह को आगरा परिक्षेत्र, आगरा के डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय को अलीगढ़ परिक्षेत्र और आशीष तिवारी को सहारनपुर परिक्षेत्र का नया डीआईजी बनाया गया है।
अन्य प्रमुख तैनातियां और निरस्त आदेश
इसके अतिरिक्त सुशील कुमार शुक्ला को एसपी पीटीएस गोरखपुर, आकाश तोमर को एसपी पुलिस अकादमी मुरादाबाद, अमित कुमार को एसपी ईओडब्ल्यू (EOW) लखनऊ और दिनेश त्रिपाठी को डीसीपी प्रयागराज की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, शासन ने एडीसीपी स्तर के तीन अधिकारियों-पुनीत द्विवेदी, नीतू और अमित कुमावत के पहले जारी किए गए तबादला आदेशों को निरस्त करते हुए उन्हें क्रमशः गाजियाबाद, लखनऊ और आगरा कमिश्नरेट में नई तैनाती दी है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।