'5 किलो राशन नहीं, लखनऊ-दिल्ली में शासन चाहिए': आरक्षण पर संजय निषाद ने भाजपा को घेरा, 2027 के लिए दो विधानसभा सीटों पर ठोका दावा

महाराजगंज|
आरक्षण पर संजय निषाद ने भाजपा को घेरा, 2027 के लिए दो विधानसभा सीटों पर ठोका दावा
सेव सूची

निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी सरकार में मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने बुधवार को महराजगंज के फरेंदा में आयोजित संवैधानिक सुरक्षा अधिकार महासम्मेलन एवं पदयात्रा के दौरान निषाद समाज के आरक्षण का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि निषाद समेत समस्त मछुआरा समाज को संवैधानिक रूप से अनुसूचित जाति के आरक्षण में शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज को अब पांच किलो राशन नहीं, बल्कि लखनऊ और दिल्ली में शासन चाहिए।

डॉ. संजय निषाद ने फरेंदा स्थित निरीक्षण भवन से पदयात्रा की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी का गठन वर्ष 2016 में समाज को आरक्षण दिलाने और ताल, घाट, बालू समेत पुश्तैनी अधिकारों की लड़ाई लड़ने के लिए किया गया था। निषाद समाज की मांगों से भाजपा को अवगत कराया जा चुका है। इन मुद्दों पर फैसला लेने की जिम्मेदारी भी भाजपा की है। अब गेंद भाजपा के पाले में है। उन्होंने कहा कि पार्टी लगातार समाज की आवाज सरकार तक पहुंचा रही है।

मुलायम सिंह यादव का किया जिक्र, बसपा सरकार पर लगाए आरोप

कैबिनेट मंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए कहा कि उन्होंने मझवार में शामिल विभिन्न उपजातियों को अनुसूचित जाति का आरक्षण दिया था। उनके मुताबिक, उस दौरान मछुआ समाज के 447 युवाओं को अनुसूचित जाति के तहत अधिकारी बनने का अवसर मिला था।

संजय निषाद ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती बसपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद इन भर्तियों और आरक्षण के खिलाफ हाईकोर्ट का रुख किया था। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने अदालत में मजबूती से पैरवी कर उस आदेश को बहाल रखने का प्रयास किया था। संजय निषाद ने कहा कि अब निषाद समाज अपने अधिकारों को लेकर जागरूक हो चुका है और अपने हक की लड़ाई जारी रखेगा।

आरक्षण पर संजय निषाद ने भाजपा को घेरा, 2027 के लिए दो विधानसभा सीटों पर ठोका दावा

फरेंदा और नौतनवा सीट पर चुनाव लड़ने की तैयारी

संजय निषाद ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भी पार्टी की रणनीति का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में निषाद पार्टी ने महराजगंज की नौतनवा सीट पर अपना विधायक जिताया था। अब पार्टी जिले की दो विधानसभा सीटों फरेंदा और नौतनवा पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।

उन्होंने महराजगंज के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि जिले की जनता ने हमेशा पंकज चौधरी को अपना समर्थन दिया है। आज वह प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भी हैं। ऐसे में निषाद समाज की आरक्षण संबंधी मांगों को उनके सामने रखा जाएगा। उन्होंने पंकज चौधरी से केंद्र और प्रदेश सरकार के स्तर पर इस मुद्दे का जल्द समाधान कराने की पहल करने की अपील की।

अखिलेश यादव के गोरखपुर दौरे पर भी साधा निशाना

संजय निषाद ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के गोरखपुर और चौरी-चौरा दौरे पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 के गोरखपुर लोकसभा उपचुनाव में इंजीनियर प्रवीण निषाद की जीत के बाद गोरखपुर में समाजवादी पार्टी को नई ऊर्जा और पहचान मिली थी।

उन्होंने अखिलेश यादव का चौरी-चौरा में स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें वहां के विकास कार्यों को भी देखना चाहिए। संजय निषाद ने सपा प्रमुख पर तंज कसते हुए कहा कि वह गोरखपुर की मजबूत सीट पर दौरा कर रहे हैं, जबकि जिन सीटों पर प्रत्याशी नहीं मिल रहे हैं, वहां दूसरे दलों के बागियों को टिकट दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपने पुराने दल और मुख्यमंत्री का नहीं हुआ, वह समाजवादी पार्टी का कैसे हो सकता है? संजय निषाद ने 2024 के राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव को आगाह किया कि पार्टी में बगावत का असर भविष्य में भी देखने को मिल सकता है।

श्रवण निषाद को लेकर किया 2027 का दावा

कैबिनेट मंत्री ने अपने बेटे और गोरखपुर की चौरी-चौरा विधानसभा सीट से विधायक श्रवण निषाद को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि श्रवण वर्ष 2022 में विधायक बने थे और 2027 में भी गोरखपुर से विधायक बनने जा रहे हैं। उन्हें कोई रोक नहीं सकता।

पदयात्रा के दौरान फरेंदा के स्थानीय लोगों ने जगह-जगह डॉ. संजय निषाद का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस मौके पर लोगों ने उन्हें समर्थन और आशीर्वाद भी दिया। महासम्मेलन में निषाद समाज के आरक्षण और पुश्तैनी अधिकारों से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।