काठमांडू में बड़ा एक्शन: पश्मीना फैक्ट्रियों में अवैध रूप से काम कर रहे 10 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, आव्रजन विभाग कर रहा जांच

नेपाल की राजधानी काठमांडू में सशस्त्र प्रहरी बल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से रह रहे 10 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। ये सभी काठमांडू के अलग-अलग पश्मीना उद्योगों में काम कर रहे थे। हिरासत में लेने के बाद सभी को आव्रजन विभाग के हवाले कर दिया गया है, जहां उनके प्रवेश और रोजगार से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
नेपाल में अवैध रूप से प्रवेश कर विभिन्न पश्मीना उद्योगों में काम करने के आरोप में सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल ने 10 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई बाघभैरव, काठमांडू स्थित सशस्त्र प्रहरी बल की नंबर 18 गण मुख्यालय (विशिष्ट व्यक्ति एवं महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान सुरक्षा) से प्रहरी निरीक्षक गणेश न्यौपाने के नेतृत्व में की गई।
काठमांडू के विभिन्न पश्मीना कारखानों में कर रहे थे काम
सशस्त्र प्रहरी बल को सूचना मिली थी कि कुछ बांग्लादेशी नागरिक अवैध रूप से नेपाल में प्रवेश करने के बाद काठमांडू के विभिन्न पश्मीना कारखानों में काम कर रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पांच अलग-अलग पश्मीना उद्योगों से 10 लोगों को हिरासत में लिया गया। सशस्त्र प्रहरी बल के प्रवक्ता डीआईजी नेत्र कार्की के अनुसार, इन लोगों को इंद्र श्रेष्ठ की रुबी पश्मीना कंपनी, मुके शेर्पा की लिस्टिमाई पश्मीना उद्योग, राजू महत की आरपी पश्मीना उद्योग, ईबकुमारी तिरुवा की सिद्धार्थ सिवानी पश्मीना उद्योग और श्यामप्रसाद बजगाईं की गोल्डेन पश्मीना हैंडीक्राफ्ट से पकड़ा गया है।
आव्रजन विभाग को सौंपा
हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान 45 वर्षीय मोहम्मद मुक्तर होसेन, 39 वर्षीय अब्बास अली, 46 वर्षीय रफिक आलम, 40 वर्षीय मोहम्मद अरिफ सोसन, 30 वर्षीय अजिजुल, 29 वर्षीय अब्दुल कादर, 37 वर्षीय मोहम्मद आलम, 36 वर्षीय मेहेताब मंडल, 20 वर्षीय रातुल इस्लाम और 30 वर्षीय बसर खान के रूप में हुई है। कार्रवाई के बाद सभी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के लिए काठमांडू के कालिकास्थान स्थित आव्रजन विभाग को सौंप दिया गया है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

