महराजगंज में बिजली टावर पर लटकी मिली युवक की बॉडी: एक सप्ताह पहले लौटा था घर, मौत की वजह साफ नहीं

महाराजगंज|8 घंटे पहले
एक सप्ताह पहले लौटा था घर, मौत की वजह साफ नहीं

निचलौल थाना क्षेत्र के रुदौली गांव में मंगलवार सुबह सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने बिजली के टावर पर एक युवक की बॉडी लटकी देखी। शौच के लिए निकले ग्रामीणों की नजर टावर पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

मृतक की पहचान रुदौली गांव निवासी रामकोकिल (28) उर्फ दरोगा चौधरी पुत्र बसंत चौधरी के रूप में हुई है। वह दो भाइयों में छोटा था और अविवाहित था। उसकी बहन की शादी हो चुकी है। बॉडी मिलने की सूचना के बाद परिवार के लोग भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से जानकारी जुटाने के साथ घटना से जुड़े तथ्यों को खंगालना शुरू कर दिया है।

घर लौटने के बाद जला दिए जरूरी कागजात

परिजनों के मुताबिक, दरोगा करीब एक सप्ताह पहले ही बाहर से अपने घर लौटा था। घर लौटने के बाद उसने कुछ जरूरी कागजात जला दिए थे। हालांकि, उसने कागजात क्यों जलाए थे? इस बारे में परिवार के लोग कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। युवक हाल में कहां रह रहा था और घर आने के बाद उसकी गतिविधियां कैसी थीं? पुलिस इन बिंदुओं पर भी जानकारी जुटा रही है।

पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भेजी बॉडी

ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब पांच बजे कुछ लोग शौच के लिए निकले थे। इसी दौरान उन्होंने बिजली के टावर पर युवक की बॉडी लटकी देखी। इसके बाद गांव में इसकी सूचना तेजी से फैल गई और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि युवक की मौत की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस युवक के बाहर रहने, घर लौटने और उसके बाद की गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।