झालर उतारना बना काल!: महराजगंज में पति-पत्नी की मौत, 16 साल की बेटी अस्पताल में भर्ती

महराजगंज में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनकी 16 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से झुलस गई। घटना कोठीभार थाना क्षेत्र के कैमा गांव की है। बताया जा रहा है कि घर पर लगी झालर उतारते समय परिवार के तीनों सदस्य 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गए। हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) निचलौल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने पति-पत्नी को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल बेटी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
झालर उतारते समय हाईटेंशन तार की चपेट में आया परिवार
जानकारी के मुताबिक, कैमा गांव निवासी राम आधारे गौंड (40 वर्ष) मंगलवार सुबह अपने घर पर लगी सजावटी झालर उतार रहे थे। इसी दौरान वह 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आ गए। उन्हें बचाने की कोशिश में उनकी पत्नी पुष्पा देवी (38 वर्ष) और 16 वर्षीय बेटी गोल्डी भी करंट की चपेट में आ गईं। हादसे में तीनों गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें तुरंत सीएचसी निचलौल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने राम आधारे और पुष्पा देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गोल्डी की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दंपती की मौत से गांव में मचा कोहराम
एक ही परिवार के दो लोगों की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
सूचना मिलने पर निचलौल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। वहीं, हादसे के बाद गांव में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।