जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष: घर में घुसकर युवक को बेरहमी से पीटा, हमले में युवक गंभीर रूप से घायल

महराजगंज जिले के निचलौल थाना क्षेत्र स्थित टिकुलहिया गांव में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुरानी भूमि रंजिश को लेकर कुछ लोगों द्वारा एक युवक के घर में घुसकर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित और विपक्षी पक्ष के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते कुछ लोग अचानक पीड़ित के घर पहुंच गए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। वायरल वीडियो में भी मारपीट और हंगामे जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया। लेकिन हमलावर लगातार आक्रामक बने रहे। मारपीट में घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसका इलाज जारी है।
प्रशासनिक लापरवाही पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
घटना के बाद ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन और राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि भूमि विवाद की जानकारी संबंधित अधिकारियों को पहले से थी। लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि विवाद का समाधान समय पर कर दिया गया होता तो स्थिति हिंसा तक नहीं पहुंचती। लोगों ने हल्का लेखपाल की कार्यशैली पर भी नाराजगी जताया। लोगों ने कहा कि मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव लगातार बढ़ता गया।
वायरल वीडियो के आधार पर जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो समेत उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ रहे भूमि विवादों के मामलों के त्वरित और पारदर्शी निस्तारण की आवश्यकता पर जोर दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









