प्रेमी से शादी की जिद: मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने बचाई जान

महाराजगंज|
मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने बचाई जान
सेव सूची

उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में रविवार सुबह एक युवती प्रेमी से शादी कराने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। उसने परिवार द्वारा उसकी मांग ठुकराने पर टावर से कूदने की धमकी भी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर काफी समझाने बुझाने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। घटना जिले के निचलौल थाना क्षेत्र अंतर्गत बैठवलिया गांव की है।

गांव के एक युवक से है प्रेम संबंध

पुलिस सूत्रों के अनुसार, करीब 18 वर्षीय युवती का शीशगढ़ गांव के एक युवक से प्रेम संबंध है। वह उसी युवक से विवाह करना चाहती है। लेकिन युवक के दूसरी जाति से होने के कारण परिजन इस रिश्ते के खिलाफ थे।

परिजनों द्वारा प्रेम विवाह के विरोध पर धमकी

रविवार सुबह करीब 5 बजे बैठवलिया गांव के पास स्थित मोबाइल टावर पर एक युवती चढ़ गई। वह अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी। उसने मांग न मानने पर टावर से कूदने की चेतावनी दे दी। सूत्रों ने बताया कि सुबह शौच जाने का बहाना बनाकर युवती घर से निकली थी। और गांव के पास बने मोबाइल टावर पर चढ़ गई। कुछ ही देर में उसके टावर पर होने की खबर गांव में फैल गई। इसके बाद परिजनों समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। और हंगामा शुरू हो गया।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने परिजनों के साथ मिलकर युवती को नीचे उतरने के लिए मनाने का प्रयास किया। लंबे समय तक चली बातचीत और मशक्कत के बाद युवती मान गई और सुरक्षित नीचे उतर आई। निचलौल थाने के प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि युवती को सुरक्षित नीचे उतारकर पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।