महराजगंज में करंट लगने से दंपती की मौत: गंभीर रूप से झुलसी बेटी, घर की छत से दिवाली की झालर उतारते समय हुआ हादसा

कोठीभार थाना क्षेत्र स्थित कैमा गांव में मंगलवार सुबह एक हृदयविदारक हादसा हो गया। घर की छत पर लगी दिवाली की सजावटी झालर उतारते समय 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत हो गई। वहीं, माता-पिता को बचाने के प्रयास में उनकी 18 वर्षीय बेटी भी गंभीर रूप से झुलस गई है।
एसडीएम अवनीश त्रिपाठी के अनुसार, कैमा गांव निवासी राधेश्याम (40) मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे अपने घर की छत से सजावटी झालर उतार रहे थे। इसी दौरान छत के बिल्कुल ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार से झालर या उनका हाथ छू गया, जिससे वह तेज करंट की चपेट में आ गए।
बचाने के प्रयास में पत्नी और बेटी भी झुलसीं
पति को करंट से तड़पता देख उनकी पत्नी उन्हें बचाने के लिए दौड़ीं, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गईं। माता-पिता को संकट में देख उनकी 18 वर्षीय बेटी गोल्डी भी उन्हें छुड़ाने पहुंची और गंभीर रूप से झुलस गई। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह बिजली सप्लाई बंद कराई और तीनों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
गांव में पसरा मातम
अस्पताल में डॉक्टरों ने पति-पत्नी को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से झुलसी बेटी का इलाज जारी है। इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे कैमा गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पाकर स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।