महराजगंज में विवाहिता की जहरीला पदार्थ खाने से मौत: दो मासूमों के सिर से उठा मां का साया, परिजनों ने पति के चाचा पर लगाया आरोप

महराजगंज जिले के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के बुद्धिरामपुर गांव में मरियम (27) की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति के चाचा पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। महिला की मौत के बाद उसके दो मासूमों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, आलमगीर सियरहिभार गांव निवासी मरियम की शादी बुद्धिरामपुर निवासी शमशेर के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को किसी बात को लेकर उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। यह देख परिजन आनन-फानन में उसे परतावल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसको मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन रोने-बिलखने लगे।
2019 में हुई थी शादी
बताया जा रहा है कि उसका प्रेम विवाह हुआ था। दो छोटे बच्चे हैंमरियम की शादी 2019 में प्रेम विवाह के तौर पर हुई थी। उसके दो बेटे हैं, हसनैन (5) और अब्दुर्रहमान (3)। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। दो मासूमों के सिर से मां का साया उठ गया है।
ससुरालियों पर प्रताड़ना का आरोप
मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। परिजनों ने मरियम के पति के चाचा पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का पता चल सकेगा। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

