महराजगंज में चौकी प्रभारी ने वर्दी फाड़ने का लगाया आरोप: महिला और उसके भाई पर केस दर्ज, महिला ने भी लगाया था मारपीट का आरोप

महाराजगंज|

कोल्हुई थाना क्षेत्र के जोगियाबारी पुलिस चौकी में जनसुनवाई के दौरान विवाद का मामला सामने आया है। चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक पंकज सिंह ने एक महिला और उसके भाई पर गाली-गलौज, वर्दी फाड़ने और दांत से काटने का आरोप लगाते हुए कोल्हुई थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। इसके पहले महिला ने भी चौकी प्रभारी पर मारपीट का आरोप लगाया था।

चौकी प्रभारी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि चौकी एकसडवा में पूर्व में दिए गए प्रार्थनापत्र के संबंध में दो पक्षों को बुलाया गया था। दोनों की बातें सुनी जा रही थी। मामला मरियम खातून पत्नी सायक अली, निवासी कम्हरिया बुजुर्ग टोला गोठवा और उनके भाई परवेज से जुड़ा था। दूसरे पक्ष में महिला के ससुर कैश मोहम्मद शामिल थे। आरोप है कि दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने के दौरान मरियम खातून तेज आवाज में बात करने लगीं। उन्हें शांत होकर बैठने के लिए कहा तो वह नाराज होकर ससुर का पक्ष लेने का आरोप लगाने लगीं। इसी दौरान परवेज कथित तौर पर कैश मोहम्मद के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगा।

धक्की-मुक्की और कॉलर पकड़ने का आरोप

तहरीर में बताया गया है कि उपनिरीक्षक पंकज सिंह, ग्राम प्रधान अशरफ और मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान मरियम खातून और उनके भाई ने चौकी प्रभारी के साथ धक्का-मुक्की की और उनकी कॉलर पकड़ ली, जिससे वर्दी का बटन टूट गया और वर्दी फट गई। चौकी प्रभारी ने महिला पर बाएं हाथ में दांत से काटने, गाली-गलौज करने और वर्दी उतरवाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। घटना के संबंध में चौकी प्रभारी ने थानाध्यक्ष कोल्हुई को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। तहरीर के आधार पर थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह की ओर से प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

पांच साल पहले हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार, महिला की शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी। उसके चार बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि महिला का पति विदेश में रहता है। महिला ने अपने भाई को खाने पर बुलाया था। इसी दौरान बाइक निकालते समय किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद महिला अपने भाई के साथ चौकी पहुंची। चौकी पर उसके और उसके भाई के साथ मारपीट की गई। उसने दावा किया कि उसके भाई को चौकी पर बंद कर दिया गया, जबकि वह किसी तरह वहां से बाहर निकल आई। महिला ने अपना मोबाइल फोन छीनने का भी आरोप लगाया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।