महराजगंज में नहर किनारे अचेत मिला युवक: अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, परिजनों में मचा कोहराम

चौक थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। नगर पंचायत चौक कस्बे में नहर किनारे शराब भट्ठी के पास एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा मिला था। सूचना मिलते ही चौक पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चौक ले गई जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान गौनरिया राजा गांव निवासी बिहारी शर्मा (32) पुत्र पुजारी शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए महराजगंज भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक कस्बा चौक में गंभीरनाथ चौराहे से करीब 300 मीटर दूर महराजगंज रोड पर नहर किनारे युवक के पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक तौर पर अत्यधिक शराब पीने की आशंका जताई जा रही है हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
मौत के कारण का नहीं चल सका पता
मौत का असली कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। चौक थानाध्यक्ष मनीष कुमार पटेल ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। सभी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि बिहारी शर्मा विवाहित था और उसकी कोई संतान नहीं थी। अचानक मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

