महराजगंज में न्यायालय परिसर में महिला से मारपीट: ससुराल पक्ष पर लगाया आरोप, पति समेत दो हिरासत में

महाराजगंज|

महराजगंज के परिवार न्यायालय परिसर में मुकदमे की तारीख पर आई एक महिला को उसके पति और ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा सरेआम जमीन पर गिराकर पीटने और गला दबाने का मामला सामने आया है। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में ले लिया है।

महराजगंज जिला कचहरी परिसर से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली और एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां परिवार न्यायालय में भरण-पोषण के मुकदमे की तारीख पर आई एक महिला को उसके ही पति और ससुराल के अन्य सदस्यों ने घेर लिया और कोर्ट रूम के बाहर ही उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने उसे जमीन पर गिरा दिया और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। बीच-बचाव करने आए महिला के पिता और बहन को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा और उनके साथ भी मारपीट की।

पीड़िता के पिता की होनी थी गवाही

जानकारी के मुताबिक, पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के समरधीरा चौराहा की रहने वाली प्रिया त्रिपाठी की शादी बृजमनगंज थाना क्षेत्र के कोईलाडाड़ निवासी मनीष कुमार मिश्र से हुई थी। दोनों के बीच विवाद के चलते प्रिया ने पहले भी पति और ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इसके अलावा, उन्होंने महराजगंज के परिवार न्यायालय में भरण-पोषण का मुकदमा भी दायर कर रखा है। 24 सितंबर को इसी मामले में कोर्ट में तारीख थी, जहां प्रिया के पिता लक्ष्मीकांत की गवाही होनी थी। दोपहर करीब 2 बजे जब प्रिया अपने पिता और बहन प्रियंका के साथ कोर्ट रूम से निकलकर ग्राउंड फ्लोर के हॉल में पहुंचीं, तभी यह हमला हुआ।

आरोपियों ने जान से मारने की धमकी

पीड़िता प्रिया त्रिपाठी ने सदर कोतवाली पुलिस को दी अपनी तहरीर में बताया कि कोर्ट परिसर के भीतर ही उनके पति मनीष मिश्र, प्रिंस मिश्रा और सतीश मिश्र ने एकराय होकर उन पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने उन्हें नीचे गिरा दिया और गला दबाने लगे। जब पिता और बहन ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उनके साथ भी हाथापाई की। कचहरी परिसर में शोर-शराबा सुनकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत दौड़े और बीच-बचाव कर तीनों की जान बचाई। जाते-जाते आरोपियों ने मुकदमे की पैरवी करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

पति समेत तीन पर दर्ज मुकदमा

कचहरी जैसी सुरक्षित और संवेदनशील जगह पर महिला के साथ सरेआम हुई इस मारपीट का वीडियो किसी ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद कोर्ट परिसर की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पीड़िता की तहरीर और घटना के वीडियो क्लिप के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में अब तक पति समेत तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।