महराजगंज में 85 वर्षीय बुजुर्ग म​हिला के साथ दुष्कर्म: बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में तोड़ा दम, बरात जाने के बाद घर में थी अकेली

महाराजगंज|
बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में तोड़ा दम, बरात जाने के बाद घर में थी अकेली
सेव सूची

सिंदुरिया थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। शादी समारोह के दौरान अपने ही रिश्तेदार की दरिंदगी और मारपीट का शिकार हुई 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला शुक्रवार सुबह जिंदगी की जंग हार गई। गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान वृद्धा ने दम तोड़ दिया। वहीं, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना बीते 25 नवंबर की है। परिवार में शादी समारोह था और घर के सभी पुरुष सदस्य बरात में शामिल होने गए हुए थे। घर में 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला को अकेला पाकर उनके ही एक 25 वर्षीय रिश्तेदार गिरजेश ने उनके साथ दुष्कर्म किया। जब बुजुर्ग महिला ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट भी की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसी दौरान पीड़िता की बेटी ने आरोपी को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया।

अस्पताल में तोड़ा दम, बढ़ेगी हत्या की धारा

घटना के बाद गंभीर हालत में बुजुर्ग महिला को इलाज के लिए गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार सुबह उनकी मृत्यु हो गई। वृद्धा की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता की मौत के बाद अब पुलिस इस मुकदमे में हत्या की धारा भी जोड़ने की तैयारी कर रही है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी जेल में

पीड़िता की तहरीर पर सिंदुरिया पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। महराजगंज पुलिस के अनुसार, महिला सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के तहत चलाए जा रहे 'मिशन शक्ति' अभियान के अंतर्गत त्वरित कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को आरोपी गिरजेश को गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।