महराजगंज में बच्चों की जान से खिलवाड़!: पिकअप में ठूंसकर ले जाए गए स्कूली छात्र, वीडियो वायरल, BSA ने मांगा स्पष्टीकरण

महाराजगंज|
पिकअप में ठूंसकर ले जाए गए स्कूली छात्र, वीडियो वायरल, BSA ने मांगा स्पष्टीकरण
सेव सूची

खेल के मैदान तक पहुंचने से पहले ही स्कूली बच्चों की सुरक्षा दांव पर लगा दी गई। महराजगंज में जनपदीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में हिस्सा लेने जा रहे छात्र-छात्राओं को सुरक्षित वाहन की जगह पिकअप में ठूंसकर ले जाया गया। बच्चों से खचाखच भरी पिकअप का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा है।

मामला परतावल ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय कुड़वा उर्फ मुड़कटिया का है। जानकारी के मुताबिक, 23 और 24 नवंबर को महराजगंज के स्पोर्ट्स स्टेडियम धनेवा-धनेई में जनपदीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं शैक्षिक समारोह 2026-27 आयोजित किया गया है। सोमवार को इसी प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए विद्यालय के छात्र-छात्राओं को पिकअप वाहन से स्टेडियम ले जाया जा रहा था।

पिकअप में खड़े नजर आए बच्चे

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पिकअप के भीतर बड़ी संख्या में बच्चे भरे दिखाई दे रहे हैं। कई बच्चे वाहन में खड़े नजर आ रहे हैं। बच्चों को इस तरह ले जाने से उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। पिकअप में क्षमता से अधिक बच्चों को ले जाना किसी दुर्घटना का कारण बन सकता था। सवाल यह भी है कि स्कूल से प्रतियोगिता स्थल तक बच्चों को भेजने से पहले सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था क्यों नहीं की गई?

वीडियो वायरल होने पर अभिभावकों में नाराजगी

वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि बच्चों को खेल प्रतियोगिताओं में शामिल कराना अच्छी पहल है, लेकिन उनकी सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता। बच्चों को प्रतियोगिता में भेजने की जिम्मेदारी निभाने वाले लोगों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि यात्रा के दौरान उनकी जान जोखिम में न पड़े।

BSA ने मांगा जवाब, जांच के बाद होगी कार्रवाई

मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी (ABSA) से स्पष्टीकरण तलब किया है। बीएसए के मुताबिक, मामला संज्ञान में आया है और संबंधित अधिकारी से जवाब मांगा गया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अब जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि बच्चों को पिकअप से ले जाने का फैसला किसने लिया और सुरक्षित वाहन की व्यवस्था क्यों नहीं की गई।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।