महराजगंज में हुआ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का विजयादशमी उत्सव: विभाग प्रचारक बोले-राष्ट्र के लिए जीता है स्वयंसेवक, केवल अपने तक न रहें सीमित

युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध जगाने के संदेश के साथ रविवार को पनियरा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से विजयादशमी उत्सव एवं पथ संचलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वीर बहादुर सिंह मेमोरियल डिग्री कॉलेज में हुआ। शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं शस्त्र पूजन के साथ किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सिद्धार्थनगर विभाग प्रचारक राजीव नयन ने अपने उद्बोधन में युवाओं की भूमिका, राष्ट्रीयता और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवक का जीवन राष्ट्र के लिए समर्पित होता है। युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए। देश की संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति सम्मान का भाव रखते हुए प्रत्येक युवा को राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
सामाजिक एकजुटता का दिया संदेश
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे केवल अपने व्यक्तिगत विकास तक सीमित न रहें, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी समझें। अनुशासन, संगठन, सेवा और समर्पण जैसे गुणों को जीवन में अपनाकर ही एक सशक्त, संगठित और विकसित राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने भारत की गौरवशाली परंपराओं और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत बनाने में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। विजयादशमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मुख्य वक्ता ने संगठन, आत्मबल और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की उन्नति के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक संवेदनशीलता और सेवा का भाव विकसित करना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
पनियरा में किया पथ संचलन
कार्यक्रम के पश्चात पनियरा नगर में पथ संचलन निकाला गया। पूर्ण गणवेश में अनुशासित कदमताल करते स्वयंसेवकों ने संगठन, एकजुटता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का परिचय दिया। पथ संचलन में हजारों स्वयंसेवकों की सहभागिता से नगर का वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत नजर आया। कार्यक्रम में संघ के सह जिला प्रचारक रोहित, सह जिला कार्यवाह अनिल, जिला प्रचार प्रमुख जीवेश, खंड कार्यवाह दीपक एवं सह खंड कार्यवाह योगेंद्र सहित उमाशंकर, अशोक, हेमंत, संदीप, अभिषेक, अरविंद, प्रेम, तरुण, राजेश यादव, आकर्ष, मनोज, शत्रुघ्न, विनय, बलराम, उमेश, डॉ. चंद्रशेखर, विद्या, अम्बरीश एवं सुनील सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पनियरा के विधायक ज्ञानेंद्र सिंह तथा नगर पंचायत पनियरा के अध्यक्ष उमेश जायसवाल की भी उपस्थिति रही। विजयादशमी उत्सव एवं पथ संचलन ने युवाओं को राष्ट्रहित में आगे आने, सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करने और संगठित होकर देश की प्रगति में योगदान देने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम ने राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, सेवा और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

