महराजगंज में थाई महिला गिरफ्तार: भारतीय दस्तावेज मिलने पर हुई कार्रवाई, सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू की पूछताछ

महाराजगंज|15 घंटे पहले
भारतीय दस्तावेज मिलने पर हुई कार्रवाई, सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू की पूछताछ

भारत-नेपाल सीमा के सोनौली इमीग्रेशन कार्यालय में दस्तावेजों की जांच के दौरान थाईलैंड की महिला को कथित तौर पर भारतीय पहचान से जुड़े दस्तावेज रखने के आरोप में अरेस्ट किया गया है। महिला के पासपोर्ट और अन्य दस्तावेजों की जांच के दौरान अधिकारियों को उसकी पहचान को लेकर संदेह हुआ। मामला सामने आने के बाद आइबी, रॉ, एसएसबी, एटीएस और एलआइयू की टीमें भी उससे पूछताछ कर रही हैं। सुरक्षा एजेंसियां उसके भारत आने, वृंदावन में रहने और भारतीय दस्तावेज हासिल करने के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही हैं।

जानकारी के अनुसार 16 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे थाई नागरिक चोन चुतिचिराफट नेपाल से भारत पहुंची थीं। सोनौली इमीग्रेशन कार्यालय में पासपोर्ट और अन्य कागजात की जांच के दौरान अधिकारियों को उसकी पहचान पर संदेह हुआ। पूछताछ में वह अपनी पहचान से जुड़ी जानकारी स्पष्ट रूप से नहीं बता सकी। इसके बाद मोबाइल फोन की जांच की गई, जिसमें भारतीय आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और पैन कार्ड के डिजिटल दस्तावेज मिलने की बात सामने आई।

दस्तावेजों में अलग नाम और मथुरा का पता दर्ज

पासपोर्ट के मुताबिक महिला थाईलैंड की निवासी है और पर्यटक वीजा पर भारत आई थी। मोबाइल में मिले भारतीय पहचान संबंधी दस्तावेजों में उसका नाम करुणा रूपनी देवी दास, पति का नाम मित्रलाल खनाल और पता वैष्णव नगर रमनरेती, थाना व पोस्ट वृंदावन बांगर, जिला मथुरा दर्ज है। महिला ने बताया कि उसका पति और बच्चे थाईलैंड में रहते हैं। वह सितंबर 2025 से फरवरी 2026 तक थाईलैंड में रही और वर्तमान में वृंदावन में रह रही थी। उसके मुताबिक वह नेपाल के भैरहवा, पोखरा और काठमांडू होते हुए भारत पहुंची थी। महिला ने यह भी बताया कि उसका पति करीब तीन महीने के अंतराल पर उससे मिलने आता है।

जानकारी जुटा रही पुलिस

इमीग्रेशन अधिकारियों ने महिला का थाई पासपोर्ट और भारतीय पहचान से संबंधित दस्तावेज पुलिस को सौंपते हुए उसे सोनौली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्रा के अनुसार पहचान छिपाने, दूसरे व्यक्ति का प्रतिरूपण कर धोखाधड़ी करने, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और उन्हें असली बताकर इस्तेमाल करने से जुड़े प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि भारतीय पहचान संबंधी दस्तावेज किस माध्यम से और किसके सहयोग से तैयार कराए गए।

भारत आने और वृंदावन में रहने की भी जांच

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विभिन्न सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां महिला से पूछताछ कर रही हैं। एजेंसियां उसके भारत आने, वृंदावन में रहने, नेपाल के रास्ते की यात्रा और भारतीय पहचान संबंधी दस्तावेज तैयार कराने से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है या नहीं और इन दस्तावेजों का इस्तेमाल कहां-कहां किया गया।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।